देहरादून में कल स्कूलों में अवकाश, लगातार बारिश के चलते जिला प्रशासन का फैसला
देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी होने के बावजूद बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी आशीष सिंह चौहान ने सोमवार रात करीब 10 बजे की मौसम संबंधी रिपोर्ट और जिले की विभिन्न तहसीलों से प्राप्त जानकारी की समीक्षा के बाद स्कूलों में अवकाश के निर्देश दिए। इसके बाद अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने अवकाश का आदेश जारी कर दिया।

प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मंगलवार को स्कूलों में अवकाश रहेगा, ताकि खराब मौसम की स्थिति में विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और आवश्यकतानुसार आगे भी निर्णय लेने की बात कही है।