केदारताल ट्रेक पर हुए हिमस्खलन में उत्तर प्रदेश और बंगाल के आठ ट्रेकर्स फंस गए हैं, जिनमें से एक घायल है।
उत्तरकाशी । केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन के कारण भोजखड़क के पास उत्तर प्रदेश और बंगाल के आठ ट्रेकर्स फंस गए हैं। इनमें से एक के सिर पर चोट लगने की सूचना है। हालांकि कच्ची ढांग के आसपास फंसे तीन पोर्टर और एक कुक समेत चार लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, हेलीकॉप्टर से ढूंढ-खोज कराने पर आठों ट्रेकर्स के सुरक्षित स्थान पर होने की जानकारी मिली है। रविवार को उन्हें हेलीकॉप्टर से सुरक्षित लाया जाएगा।
मंगलवार को गंगोत्री से केदारताल रवाना हुए थे 13 लोग
सात ट्रेकर्स और छह सपोर्ट स्टाफ समेत 13 लोग मंगलवार को गंगोत्री से केदारताल रवाना हुए थे। एक कुक बीच में ही गंगोत्री लौट आया था और बाकी की वापसी गुरुवार को तय थी। प्रतिकूल मौसम के कारण ट्रेकर्स नहीं लौटे तो शुक्रवार को ट्रेकर्स एजेंसी ने पोर्टर और गाइड की टीम भेजी। टीम करीब छह किलोमीटर तक ट्रेक मार्ग खोलने के बाद लौट आई।
शनिवार सुबह 10 बजे उत्तरकाशी से एनडीआरएफ की 10 सदस्यीय टीम गंगोत्री रवाना हुई। साथ ही वन विभाग के दो और ट्रेकिंग एजेंसी के सात सदस्य भी केदारताल की ओर गए। बताया गया कि फंसे ट्रेकर्स ने हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू का अनुरोध किया है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित विभाग और अधिकारियों को हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है। गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि फंसे आठ लोगों में से एक के सिर पर चोट लगने की सूचना मिली है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित विभाग और अधिकारियों को हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है। गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि फंसे आठ लोगों में से एक के सिर पर चोट लगने की सूचना मिली है।



