उत्तराखंड के हल्द्वानी में पिता-बेटी की मौत: बुजुर्ग और गाय को भी लगा था करंट, ऊर्जा निगम की लापरवाही से उजड़ा परिवार
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में बिजली के करंट से पिता-पुत्री की मौत हो गई, जिसके लिए ऊर्जा निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
बनभूलपुरा में करंट लगने से पिता-पुत्री की मौत के बाद हर किसी ने ऊर्जा निगम को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया।
लोगों ने बताया कि सोमवार सुबह से पोल में करंट दौड़ रहा था। पहले गाय इसकी चपेट में आई। इसके बाद बुजुर्ग को भी करंट का झटका महसूस हुआ। इसके बाद भी जिम्मेदार मौके पर फाल्ट नहीं ढूंढ पाए और रात होते-होते एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया।
एसी की आउटडोर यूनिट ठीक करते वक्त हुआ हादसा
बनभूलपुरा में सोमवार रात एसी की आउटडोर यूनिट ठीक करते हुए नदीम सलमानी और उन्हें बचाने में उनकी बेटी अलिज्बा की मौत हो गई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में ऊर्जा निगम के खिलाफ जबरदस्त रोष है। मंगलवार को बनभूलपुरा से लेकर मोर्चरी तक हर किसी ने हादसे के लिए ऊर्जा निगम को कसूरवार ठहराया।