भगवानपुर के रायपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित किम प्रो टिश्यू पेपर कंपनी में भीषण आग लग गई, जिससे भारी मात्रा में कच्चा माल और मशीनें जलकर खाक हो गईं। दमकल विभाग की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं और रुड़की से अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गई हैं, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है।
भगवानपुर (रुड़की)। भगवानपुर के रायपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित किम प्रो टिश्यू पेपर निर्माता कंपनी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया।
आसमान में धुएं का गुबार छाने से आसपास के क्षेत्रों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
हालांकि, टिश्यू पेपर और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग इतनी बेकाबू हो गई कि स्थानीय दमकल कर्मियों के लिए इस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत रुड़की से दमकल की दो अतिरिक्त गाड़ियां मौके पर बुलाईं।
दमकल विभाग के अधिकारी सत्यपाल बोकाडिया ने बताया कि आग बहुत विकराल रूप ले चुकी है। फायर ब्रिगेड की टीमें चारों तरफ से पानी की बौछार कर लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
राहत की बात यह है कि किसी जनहानि की खबर नहीं है, कंपनी के अंदर रखा भारी मात्रा में कच्चा माल और मशीनें जलकर खाक होने से बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।



