
किच्छा में हल्द्वानी मार्ग पर हाईवे चौड़ीकरण में बाधक बन रही बेनी मजार को प्रशासन और पुलिस टीम ने ध्वस्त कर दिया है।
किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। हल्द्वानी मार्ग पर हाईवे चौड़ीकरण में बाधक बन रही रेलवे और लोनिवि की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई बेनी मजार को प्रशासन व पुलिस टीम ने ध्वस्त कर दिया है।
इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। यह कार्रवाई लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली। लोग सुबह जब सोकर उठे तो मजार वाला क्षेत्र समतल हो चुका था।
हल्द्वानी मार्ग पर रेलवे की भूमि से सटी हाईवे किनारे अतिक्रमण कर मजार का निर्माण किया गया था। प्रशासन ने दो वर्ष पूर्व मजार के आगे के हिस्से का अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया था।
शनिवार तड़के ब्रीफिंग के उपरांत लगभग साढ़े तीन बजे एडीएम वित्त एवं राजस्व कौस्तुभ मिश्रा व एडीएम नजूल पंकज उपाध्याय की अगुवाई में रेलवे व लोक निर्माण विभाग की टीम अतिक्रमण स्थल पर पहुंची।
इसके बाद दो बुलडोजर से अतिक्रमण में बने मजार के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई। इस दौरान एसडीएम किच्छा गौरव पांडेय, तहसीलदार जीसी त्रिपाठी सहित रेलवे के अधिकारी भी मौके पर डटे रहे।
इस कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई। इस बीच किसी तरह का विवाद न हो इसके लिए पास के ही सड़क किनारे बने एक मंदिर से भी मूर्ति अन्यत्र रखवाने की कार्रवाई की गई।
आनंदपुर मोड़ पर हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को व आदित्य चौक पर रुद्रपुर व बरेली से आने वाले वाहनों को बेरेकेटिंग लगा कर डायवर्ट कर दिया गया था। पुलिस पूरी मुस्तैदी से मोर्चा संभाले रही।
जनपद के अधिकांश थानों से बुलाया गया था फोर्स
हाईवे किनारे का मामला होने के साथ ही संवेदनशील मामला होने पर सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम किए गए थे।
किच्छा व पुलभट्टा के साथ ही सितारगंज, पंतनगर, दिनेशपुर, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, झनकईया सहित अन्य क्षेत्रों का फोर्स सुरक्षा की दृष्टि से लगाया गया था।
पूरे क्षेत्र को छावनी बना दिया गया था। सुबह लोगों की कुछ समझ में नहीं आया कि क्या हो रहा है। बाद में जब यातायात सुचारू किया गया तो लोगों को मजार ध्वस्त किए जाने की जानकारी मिली।
एक वर्ष में चार मजार की ध्वस्त
प्रशासन ने किच्छा कोतवाली क्षेत्र में पहली कार्रवाई तीन मई 2025 को ग्राम कुरैय्या स्थित अतिक्रमण कर बनाए गए मदरसे पर की थी।
इस दौरान पूरे क्षेत्र को जीरो जोन कर आवागमन रोक दिया गया था। उसके बाद दूसरी कार्रवाई छह अप्रैल को धौराडाम व शहदौरा में वन क्षेत्र में अतिक्रमण कर बनाई दो मजारों पर की गई।
उसके उपरांत शनिवार को अतिक्रमण में बने बेनी मजार को ध्वस्त किया। बहुत जल्द अन्य क्षेत्रों में यह कार्रवाई हो सकती है।









