Department

Big Breaking:-मसूरी में जाम से कैसे मिलेगी मुक्ति? वहीं के लोगों ने बताया रास्ता

मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन ने शहर में भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन को महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में विकराल होती ट्रैफिक जाम की समस्या अब शहर के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रवेश पंत की ओर से दायर जनहित याचिका के जवाब में मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रशासन को महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

जिला पर्यटन अधिकारी हीरा लाल के माध्यम से दिए गए इन सुझावों का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों और रिहायशी इलाकों में पार्किंग की कमी को दूर करना है।

300 गाड़ियों की क्षमता वाली बड़ी पार्किंग बनाने का प्रस्ताव 

ट्रेडर्स एसोसिएशन ने सुझाव दिया है कि लंढौर कैंट क्षेत्र में लाल टिब्बा, सिस्टर बाजार और चार दुकान से मलिंगार तक के मार्गों का तुरंत चौड़ीकरण किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, लंढौर कैंट में कम से कम 300 गाड़ियों की क्षमता वाली एक बड़ी पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। संघ के अनुसार, सिस्टर बाजार से जबरखेत तक एक अतिरिक्त मार्ग बनाने से मुख्य मार्गों पर दबाव कम होगा और यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा।

घंटाघर, टिहरी बस स्टैंड और सिविल हास्पिटल के पास भी नई पार्किंग बनाने पर जोर दिया गया है। एसोसिएशन ने देहरादून की तर्ज पर मसूरी में भी जगह-जगह मल्टी-लेवल मोटर पार्किंग बनाने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही, निजी भूमि स्वामियों को छोटी-छोटी पार्किंग विकसित करने की अनुमति देने की बात कही गई है। रेंटल दोपहिया वाहनों के लिए भी एक ठोस पालिसी बनाने की मांग उठाई गई है ताकि अव्यवस्थित पार्किंग से छुटकारा मिल सके।

ट्रेडर्स अध्यक्ष रजत अग्रवाल और महामंत्री जगजीत कुकरेजा का मानना है कि यदि इन सुझावों को लागू किया जाता है, तो मसूरी आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

वर्तमान में पार्किंग की कमी के कारण माल रोड और आसपास के क्षेत्रों में घंटों जाम लगा रहता है, जिससे पर्यटन व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। सुझाव देने वालों में ट्रेडर्स अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री जगजीत कुकरेजा के अलावा नागेन्द्र उनियाल, अतुल अग्रवाल और सलीम अली शामिल रहे।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top