हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो के एसपी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। हैरानी की बात ये है कि उनके ही ड्राइवर ने गोली चलाई। जिसके बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हरिद्वार जिले से शनिवार को एक बेहद सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी पर उनके ही ड्राइवर ने कथित तौर पर गोली चला दी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि गोली उनके माथे को छुकर निकल गई जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कनखल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। घायल पुलिस अधिकारी की पहचान सीपी नौटियाल के रूप में हुई है और वे पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात हैं। वहीं आरोपी ड्राइवर की पहचान विनोद नेगी के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया
आनन-फानन में पुलिस अधिकारी को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया जिसके बाद हालत गंभीर होने के वजह से एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। न्यूज 18 के मुताबिक गोली पुलिस अधिकारी के सिर को छूकर निकली हालांकि फिर भी वे घायल हैं। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ड्राइवर और पुलिस अधिकारी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी या विवाद होने की बात सामने है। कहा जा रहा है कि ड्राइवर किसी बात को लेकर सीपी नौटियाल से नाराज चल रहा था और उसी नाराजगी के वजह से उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि वास्तविक कारणों का पता आरोपी से पूछताछ के बाद ही चल सकेगा।
कार में बैठे थे तभी हमले को अंजाम दिया गया
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, सीपी नौटियाल कार में बैठे हुए थे तभी आरोपी ड्राइवर ने एक अवैध हथियार से उनपर हमले को अंजाम दिया। उन्हें मामूल चोट आई है और प्राथमिक इलाज के बाद वे अब खतरे से बाहर हैं। ड्राइवर को अस्थायी तौर पर काम पर रखा गया था।
विवाद के चलते वारदात को दिया अंजाम?
इंडिया टुडे के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि नौटियाल और उनके ड्राइवर के बीच कोई विवाद हुआ था। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। भुल्लर ने बताया है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज कर रही है।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है
बहरहाल हरिद्वार पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही जो तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



