जैनी प्रकरण में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा गठित पांच सदस्यीय विधानसभा समिति ने नारी निकेतन जाकर पीड़िता की आपबीती सुनी थी। पूर्व मंत्री विजया बड़थ्वाल ने हरक सिंह रावत के आरोपों को निराधार बताया और राजनीतिक दलों से ओछी राजनीति बंद करने की अपील की।
देहरादून। जैनी प्रकरण में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान गठित पांच सदस्यीय विधानसभा समिति ने नारी निकेतन जाकर पीड़िता की आपबीती सुनी थी। उस समय हरक सिंह रावत कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य ने काशी सिंह ऐरी की अध्यक्षता में समिति गठित की थी, जिसमें विधायक के रूप में विजया बड़थ्वाल और आशा नौटियाल के साथ अजय भट्ट भी शामिल थे।
समिति ने अपनी रिपोर्ट में वही बातें दर्ज की थीं, जो जैनी ने स्वयं सदस्यों को बताई थीं। पूर्व कैबिनेट मंत्री विजया बड़थ्वाल ने हरक सिंह रावत के इस आरोप को निराधार बताया है कि उन्होंने और आशा नौटियाल ने जैनी को उनके खिलाफ उकसाया था।
बयान में विजया बड़थ्वाल ने कहा कि हरक सिंह रावत का बार-बार उनका नाम जैनी प्रकरण में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है। वह उन्हें और आशा नौटियाल को मानहानि का मुकदमा करने की धमकी देते हैं। उन्हें सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर दोनों ने ऐसा क्या किया है, जिससे उनकी छवि खराब हुई है।
विजया ने कहा कि समिति जैनी की बात सुनने नारी निकेतन गई थी। वहां उसकी आपबीती सुनने के बाद समिति के सदस्यों की आंखें नम हो गई थीं। समिति की रिपोर्ट में वही दर्ज किया गया, जो जैनी ने स्वयं सदस्यों को बताया था।
उन्होंने कहा कि उनका हरक सिंह रावत या जैनी से कोई व्यक्तिगत लेना-देना नहीं है। अंकिता भंडारी और जैनी जैसी पीड़ित बेटियों के नाम पर राजनीतिक दलों को ओछी राजनीति बंद करनी चाहिए। सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इंसानियत के नाते उनके न्याय की लड़ाई लड़नी चाहिए।



