मसूरी में लगातार लग रहे भीषण जाम से निपटने के लिए किंक्रेग से लाइब्रेरी और मैसॉनिक लाॅज के लिए शटल सेवा शुरू की गई है। हालांकि, सेवा शुरू होने के बावजूद शनिवार को भी शहर में लंबा जाम देखने को मिला, जिससे पर्यटकों को परेशानी हुई।
मसूरी। किंक्रेग से लाइब्रेरी और मैसॉनिक लाॅज के लिए शुक्रवार सुबह से शटल सेवा शुरू हो गयी। हालांकि अभी भी मसूरी की जाम के झाम से छुटकारा नहीं मिल रहा है।
शनिवार को सुबह 08.00 बजे से किंक्रेग से लाइब्रेरी चौक, कैंपटी रोड फायर ऑफिस तक तीन किमी लंबा जाम लग गया। लाइब्रेरी बाजार के माल रोड बैरियर से अंबेडकर चौक तक भी आधा किमी लंबा जाम लगा। बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। वाहन रेंगते हुए चल रहे है।
शटल सेवा शुरू
इससे पहले शुक्रवार को एसडीएम राहुल आनंद, पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र भसीन की मौजूदगी में किंक्रेग होते हुए मसूरी आने वाले बड़े पर्यटक वाहनों को रोककर किंक्रेग में ही खड़ा करवाया गया ओर पर्यटकों को आगे शटल सेवा से गंतव्य तक भेजा गया। हालांकि किंक्रेग में उनके वाहनों को रोकने पर पर्यटकों ने नाराजगी व्यक्त की लेकिन समझाने पर मान गये।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा मसूरी में वीकेंड पर लगने वाले लगातार जाम से बचाव को देखते हुए किंक्रेग से शटल सेवा शुरू की गयी है। छोटे पर्यटक वाहनों को किंक्रेग से आगे जाने दिया, लेकिन टैपों ट्रैवलर्स को किंक्रेग पर ही रोककर खड़ा करवाया गया और उन्हें अवगत कराया गया कि शहर में जाम लगने के कारण शटल सेवा शुरू की गयी है।
इस दौरान कई पर्यटकों ने एसडीएम से वार्ता की व बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गयी, जिस पर एसडीएम ने कहा कि सभी पर्यटक वाहनों के साथ बैठक करके यह शटल सेवा शुरू की गयी है, अगर उन्होंने नहीं बताया तो यह उनकी गलती है।
एसडीएम ने कहा कि पहले पर्यटकों को परेशानी हुई, लेकिन आगे यह आगे ठीक हो जायेगा। इस संबंध में पहले ही टैक्सी यूनियन, होटल एसोसिएशन को सूचना दी जा चुकी थी ताकि किसी को परेशानी न हो। वहीं किंक्रेग सहित सड़क पर वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जा रहा है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि गत सप्ताह जिलाधिकारी के साथ बैठक में शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया था व इसकी सूचना सभी ट्रैवल एजेंसियो को दे दी गयी थी। पर्यटकों की सुविधा के लिए शटल सेवा की दर को कम रखा गया है।
वहीं कैंपटी की ओर जाने वाले वाहनों को गज्जी बैंड से कार्ट मैकेंजी रोड़, हाथीपांव होते हुए भेजा जा रहा है। बड़ा मोड से भी शटल सेवा शुरू की गयी है।
कोतवाल देवेंद्र चौहान ने कहा कि शटल सेवा शुरू होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होेंने कहा कि किसी भी होटल में टैंपो ट्रैवलर खड़े करने की व्यवस्था नहीं है। जिस कारण ये सड़क किनारे खडे़ कर दिए जाते थे जिससे जाम लगता था। लेकिन अब शटल सेवा शुरू करने व टैंपो किंक्रेग पर खडे़ होने से यातायात व्यवस्था में निश्चित सुधार आयेगा।