उत्तराखण्ड

Big Breaking:-उत्तराखंड के जेनी प्रकरण ने लिया मोड़, सामने आया नया किरदार राजकुमार… गरमाई सियासत

उत्तराखंड की सियासत में 23 साल बाद जेनी प्रकरण ने नया मोड़ लिया है, जिसमें अब राजकुमार तिवारी का नाम सामने आया है।

देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में 23 साल बाद फिर सुर्खियों में आए जेनी प्रकरण की कहानी अब हर दिन नया मोड़ ले रही है। अब तक इस मामले में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और उन पर आरोप लगाने वाली इंदिरा देउरी उर्फ जेनी के दावों को लेकर चर्चा हो रही थी, लेकिन अब एक नया नाम सामने आया है।

दरअसल, जेनी ने नौ अगस्त, 2011 को नगर निगम देहरादून के स्वास्थ्य अनुभाग से अपने बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र लिया। इस सिलसिले में दिए गए शपथ पत्र में उसने अपने बच्चे का नाम अंशु और पति का नाम राजकुमार तिवारी दर्शाया है। ऐसे में अब यह प्रश्न भी फिजां में तैरने लगा है कि नया किरदार राजकुमार आखिर है कौन।

2003 को दून अस्पताल के महिला चिकित्सालय में दिया बच्चे को जन्म

असम के तिनसुकिया जिले की निवासी जेनी ने नौ जून, 2003 को दून अस्पताल के महिला चिकित्सालय में बच्चे को जन्म दिया था। तब वह नारी निकेतन देहरादून में रह रही थी। उस समय जेनी ने तत्कालीन मंत्री हरक सिंह रावत पर उसके बच्चे का पिता होने का आरोप लगाया था। इसके बाद तो उत्तराखंड की सियासत में भूचाल आ गया।

मामला विधानसभा में भी जोर-शोर से उठा। हरक सिंह ने जेनी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दिया और घोषणा की कि जब तक वह बेदाग साबित नहीं होते, सदन में नहीं आएंगे। इसके बाद प्रकरण की सीबीआइ जांच हुई और हरक सिंह इसमें बेदाग होकर निकले।

23 साल बाद यह प्रकरण तब दोबारा से चर्चा में आया, जब देहरादून पहुंची जेनी ने सात नवंबर को पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि उसके बच्चे का पिता और कोई नहीं, बल्कि पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत हैं। इसके बाद हरक सिंह ने भी मीडिया से बातचीत में जेनी के आरोपों को सिरे से खारिज करते इसे भाजपा की साजिश करार दिया।

विगत दिवस हरक सिंह ने दावा किया था कि जेनी के बच्चे का पिता कोई बबलू नाम का व्यक्ति है। इस बीच इंटरनेट मीडिया में तैर रहे जेनी के वर्ष 2011 के शपथ पत्र में दर्ज राजकुमार तिवारी के नाम ने एक और नई कड़ी जोड़ दी है।

ऐसे में यह प्रश्न उठना लाजिमी है कि राजकुमार कौन है? क्या उसका जेनी और उसके बेटे अंशु से कोई संबंध है? यदि ऐसा है तो पूर्व में सामने आए दावों के बीच उसकी भूमिका क्या है? आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस कहानी की अगली कड़ी में कौन सी नई परत उधड़ती है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top