भैयादूज के पावन पर्व पर केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए, जिसके साक्षी पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बने। इस वर्ष रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख भक्तों ने बाबा के दर्शन किए, अब पंचमुखी डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ जाएगी।
रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों एवं विधि-विधान के साथ प्रातः 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के ऐतिहासिक एवं भावुक क्षणों के साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे। इस दौरान पूरा धाम हर-हर महादेव और जय श्री केदार के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
कपाट बंद होने के अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न दानीदाताओं एवं आईटीबीपी की ओर से भंडारे आयोजित किए गए। बीते दिनों आसपास की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के चलते धाम में कड़ाके की ठंड रही, लेकिन बाबा के दर्शनों और कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया बुधवार तड़के तीन बजे मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई। सुबह पांच बजे से धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी एवं वेदपाठियों की उपस्थिति में भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल एवं भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके पश्चात भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली सभा मंडप से मंदिर परिसर में लाई गई। सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इसके बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच जय श्री केदार के उद्घोष के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। डोली पहले पड़ाव रामपुर पहुंचेगी। 12 नवंबर को विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी तथा 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां शीतकाल में भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
इस अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का श्री केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यात्रा सीजन में रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु शीतकाल में भी भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंच सकें।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सात नवंबर को भगवान केदारनाथ के क्षेत्रपाल एवं रक्षक बाबा भैरवनाथ के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे।
कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मंदिर समिति सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी एवं एसडीआरएफ के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।



