Big Breaking:-केदारनाथ हेली सेवाओं का किराया आज हो सकता है तय, टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी 

केदारनाथ हेली सेवाओं का किराया निर्धारण अंतिम चरण में है। हेली कंपनियों के टेंडर खुल चुके हैं और मंगलवार तक दरों पर सहमति बनने की उम्मीद है।

देहरादून। केदारनाथ हेली सेवाओं के लिए किराया निर्धारण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। हेली कंपनियों के टेंडर खुल चुके हैं।

अब केवल कंपनियों द्वारा टेंडर में शामिल किए गए रेट पर सहमति देने का कार्य शेष है। माना जा रहा है कि मंगलवार को यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके साथ ही केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं का किराया भी तय कर दिया जाएगा।

प्रदेश में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) हर तीन साल बाद केदारनाथ हेली सेवाओं का किराया तय करता है। ये सेवाएं सिरसी, गुप्तकाशी और फाटा के नौ हेलीपैड से संचालित होती हैं।

इन तीनों स्थानों से हेली सेवाओं का किराया अलग-अलग होता है। पिछली बार वर्ष 2022 में हेली सेवाओं का किराया तय किया गया था।

यह किराया दर वर्ष 2025 में यात्रा के पहले चरण तक प्रभावी रही। यद्यपि, हेली दुर्घटनाओं के दृष्टिगत दूसरे चरण में हेली सेवाओं की उड़ान में कमी की गई। इससे किराया तकरीबन 50 प्रतिशत तक बढ़ गया था।

नागरिक उड्डयन विभाग ने इस वर्ष के लिए नए सिरे से हेली कंपनियों का किराया तय करने के लिए टेंडर आमंत्रित किए।

इसमें हेली कंपनियों को न्यूनतम किराया देने को कहा गया है। अब यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें आठ कंपनियों के टेंडर सही पाए गए हैं। सिरसी से एक हेली सेवा के लिए एक टेंडर पर मंगलवार तक फैसला होने की उम्मीद है।

इसके साथ ही कंपनियों ने अपने न्यूनतम किराया प्रस्ताव भी विभाग को उपलब्ध करा दिए हैं। इन पर तकरीबन कंपनियों की सहमति बन चुकी है। अब मंगलवार को सभी दरों को सार्वजनिक करते हुए जल्द हेली बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी यूकाडा आशीष चौहान ने बताया कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मंगलवार तक किराया निर्धारित कर दिया जाएगा।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें