रुद्रप्रयाग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में 8 यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है।
रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर रुद्रप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
वाहन में चालक सहित कुल 9 लोग सवार थे। दुर्घटना में 8 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
कुल 9 लोग थे सवार
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शुक्रवार प्रातः 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा, पुलिस टीम और राहत-बचाव दल को मौके पर रवाना किया गया।
स्थानीय पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया।
प्रशासन के अनुसार सभी घायल यात्रियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
जिला प्रशासन ने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय और प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।