नरेंद्रनगर मुख्य बाजार लाइन में देर रात सब्जी से लदा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पिलरों में जा घुसा। इस घटना में तीन पिलर और एक आवासीय भवन का बरामदा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।
नई टिहरी। नरेंद्रनगर मुख्य बाजार लाइन में ऋषिकेश-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात्रि सब्जी से लदा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर बाजार लाइन के पिलरों में जा घुसा।
जिससे तीन पिलर क्षतिग्रस्त हो गए, ऊपरी मंजिल के आवासीय भवन का बरामदा भी धराशाही हो गया। हालांकि इस घटना में किसी के चोटिल या हताहत होने की सूचना नहीं हैं।
नरेंद्रनगर थाना पुलिस के अनुसार बीती देर रात्रि को ऋषिकेश से सब्जी लेकर एक मिनी ट्रक करीब 2:30 बजे चंबा की ओर जा रहा था।
इस दौरान नरेंद्रनगर बाजार लाइन से गुजरते समय तेज-आंधी तूफान चलने के कारण एक टीन अचानक उड़कर ट्रक के सामने की ओर आ गया। जिससे ट्रक चालक घबरा गया और वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर आकर नरेंद्रनगर बाजार लाइन के पिलरों से टकरा गया।
मिनी ट्रक की भीषण टक्कर से बाजार लाइन की दुकानों के बरामदे पर बने तीन पिलर टूट गए और बाजार लाइन के ऊपर बने एक आवासीय भवन का बरामदा धराशाई होकर नीचे गिर गया।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ट्रक चालक भी पूरी तरह सुरक्षित है।
नरेंद्रनगर थाना प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बाजार लाइन के बरामदे के पिलर क्षतिग्रस्त हुए हैं और एक आवासीय भवन का बरामदा टूट गया है। लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से पिलरों और टूटी छत को किनारे कराया जा रहा है।