उत्तराखंड में दो दिन की राहत के बाद रविवार से मानसून फिर सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते चार जिलों में अगले तीन घंटों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में ऑरेंज अलर्ट के साथ, प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने और यात्रियों को मौसम देखकर यात्रा करने की सलाह दी है।
ऑनलाइन डेस्क, उत्तराखंड। उत्तराखंड में दो दिन की राहत के बाद रविवार से मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना है।
अगले तीन घंटों में राज्य के चार जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट दोपहर 1:14 बजे से शाम 4:14 बजे तक के लिए जारी किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल में कुछ जगहों पर ऋषिकेश, घनसाली, मसूरी, रामनगर, भीमताल तथा आस-पास के क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ अलग-अलग जगहों पर बिजली कड़कने या तेज बारिश के साथ आंधी-तूफ़ान आने की संभावना है।
बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में ऑरेंज अलर्ट
बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों, पर्यटकों और आम लोगों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
चारधाम यात्रा फिलहाल सुचारू रूप से चल रही है। भारी वर्षा के कारण पिथौरागढ़-टनकपुर, तवाघाट-लिपुलेख और मुनस्यारी-मिलम मार्ग बंद हैं, जिससे चीन सीमा का संपर्क कट गया है। दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि अन्य जिलों में भी वर्षा की संभावना बनी हुई है।