उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज भाजपा सरकार के पांच सालों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। बताया कि मदरसा बोर्ड खत्म करने से लेकर, मुफ्त सिलेंडर, यूसीसी और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे समेत कई उपलब्धियां शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सरकार के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए संकल्पों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया है। वर्ष 2022 में भाजपा ने दोबारा सत्ता में आकर प्रदेश में सरकार बदलने की परंपरा को तोड़ते हुए नया इतिहास बनाया।
36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 36 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई है। महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है तथा साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता और बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग, छात्रवृत्ति योजनाओं और पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से युवाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
9 लाख से अधिक महिलाओं को पेंशन, घर में दो बुजुर्गों को भी लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण के तहत प्रदेश में नौ लाख से अधिक महिलाओं और अन्य पात्र लोगों को विधवा और दिव्यांग पेंशन दी जा रही है। पहले एक परिवार में पति-पत्नी दोनों बुजुर्ग होने पर केवल एक को ही वृद्धावस्था पेंशन मिलती थी। सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया और अब पात्र होने पर दोनों को पेंशन देने का प्रावधान किया है।
उन्होंने बताया कि करीब दो लाख अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल कराए जा रहे हैं। वर्ष 2022 में नई सरकार बनने के बाद से यह व्यवस्था लगातार जारी है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख से अधिक घर बनाए जा चुके हैं। जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हजार और मकान मिलने वाले हैं।
गांव लौट रहे युवा, मंडुवा-झंगोरा के उत्पादन पर जोर
मुख्यमंत्री ने पलायन रोकने के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पलायन योजना के तहत सैकड़ों युवाओं ने रिवर्स पलायन किया है। सरकार का प्रयास है कि युवा अपने गांव लौटें और उन्हें वहीं रोजगार के अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में मंडुवा और झंगोरा के उत्पादन को बढ़ावा दिया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में एप्पल मिशन और ड्रैगन फ्रूट मिशन पर काम हो रहा है। इसके अलावा सुगंधित फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादकों को चार हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तराखंड पूर्ण साक्षर घोषित, 500 स्कूल डिजिटल से जुड़े
शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को उल्लास कार्यक्रम के तहत पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है। प्रदेश के 500 सरकारी स्कूलों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी बनाने पर काम चल रहा है।
63 लाख आयुष्मान कार्ड, 17 लाख से अधिक मरीजों का कैशलेस इलाज
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। सितंबर तक 17 लाख से अधिक मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस इलाज मिल चुका है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। हल्द्वानी में कैंसर संस्थान और किच्छा में एम्स की स्थापना की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे उत्तराखंड में दो एम्स संस्थान होंगे।उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए हेली एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है।
यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और बड़े नीतिगत फैसलों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में रहने वाले सभी लोगों के लिए एक समान कानून होना चाहिए। इसी सोच के साथ उत्तराखंड ने 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की। ऐसा करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए यूसीसी में कई प्रावधान किए गए हैं। इसके अलावा दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून और सख्त भू-कानून लागू किया गया। सरकार ने 13 हजार एकड़ से अधिक जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।
मुख्यमंत्री ने मदरसा बोर्ड की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर नई शिक्षा व्यवस्था लागू करने और कालनेमि मिशन के तहत धर्म बदलकर अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
90 हजार से अधिक फाइलों पर ऑनलाइन काम
मुख्यमंत्री ने सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान के लिए 1905 सीएम हेल्पलाइन की लगातार समीक्षा की जाती है। सरकारी कार्यालयों को ई-ऑफिस व्यवस्था से जोड़ा गया है। इसके तहत 90 हजार से अधिक फाइलों पर ऑनलाइन काम किया गया है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे
बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए धामी ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू हो चुका है। इससे दोनों शहरों के बीच की दूरी करीब ढाई घंटे में तय की जा रही है। ऑल वेदर रोड परियोजना पर भी काम जारी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू हुई है और रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए भी काम किया गया है। हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देहरादून अब देश के करीब 50 शहरों से जुड़ चुका है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन और तीर्थाटन को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में प्रदेश में छह करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे। इस बार चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
शीतकालीन चारधाम यात्रा
सरकार ने शीतकालीन चारधाम यात्रा को भी प्रोत्साहित किया है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण और विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों के लिए भी सरकार ने व्यवस्थाएं की हैं। इसके अलावा गढ़वाली और कुमाऊंनी फिल्मों को प्रोत्साहन देकर स्थानीय संस्कृति और भाषा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।



