
रुद्रप्रयाग में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की टनल में पानी के रिसाव का वीडियो वायरल हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।
रुद्रप्रयाग। निर्माणाधीन ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन टनल में पानी के रिसाव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
वायरल वीडियो में दिखाई गई स्थिति को लेकर आम लोगों के साथ-साथ टनल में कार्यरत कर्मचारियों के बीच भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मंगलवार को सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया।
पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर ने बताया कि सोमवार देर रात लगभग 11:30 बजे ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट के तहत जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्र में स्थित पुलिस चौकी जवाड़ी से करीब 1.5 किलोमीटर दूर इमरजेंसी टनल 7बी पैकेज में कार्य के दौरान टनल के अंदर मिट्टी का आंशिक धंसाव हुआ था।
इस कारण पानी का रिसाव देखने को मिला, जिसे कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
उन्होंने बताया कि मेगा कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी महेश भट्ट की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ है।
टनल के भीतर कार्यरत सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना के तुरंत बाद कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टनल निर्माण कार्य पूरी तरह सुरक्षित मानकों के तहत किया जा रहा है और ऐसी घटनाएं तकनीकी कार्यों के दौरान कभी-कभी सामने आ सकती हैं।
जिन्हें विशेषज्ञ टीम द्वारा तत्काल नियंत्रित कर लिया जाता है। फिलहाल निर्माण कार्य सुचारु रूप से जारी है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे भ्रामक वीडियो या अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।









