
हरिद्वार में लापता हुई एक किशोरी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
हरिद्वार। लापता होने के अगले दिन बरामद हुई एक किशोरी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजनों ने किशोरी के दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा किया। कांग्रेस व अन्य दलों के नेताओं ने भी मौत पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने डाक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई। शुरूआती छानबीन में जहर खाने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ करते हुए हर पहलू पर जांच शुरू कर दी गई है।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुरी कॉलोनी की घटना
पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर की गोविंदपुरी कॉलोनी क्षेत्र से शुक्रवार शाम एक किशोरी टयूशन जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन रात तक नहीं लौटी। स्वजनों ने अपने स्तर से तलाश करने के बाद देर रात ज्वालापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।
अगली सुबह किशोरी ने अपनी एक सहेली को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ कनखल सतीघाट पर है। सहेली से जानकारी मिलने पर स्वजन तुरंत कनखल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
शुक्रवार को लापता हुई किशोरी, अगली सुबह हुई बरामद
कोतवाली लाने पर महिला उपनिरीक्षक ललिता चुफाल ने किशोरी से बातचीत की। उसने बताया कि अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए पहले ऋषिकेश गई थी। रात में दोनों कनखल आ गए और सतीघाट पर गंगा किनारे रहे।
पुलिस ने किशोरी के दोस्त से भी पूछताछ की। किशोरी के अपनी मर्जी से घूमने के लिए जाने और स्वजनों की ओर से कोई कार्रवाई न करने की बात कहने पर पुलिस ने किशोरी को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया।
मामले में नया मोड़ आ गया
रात में संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने पर स्वजन आनन-फानन में किशोरी को रानीपुर मोड पर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले में नया मोड़ आ गया। स्वजनों ने एक दिन पहले किशोरी को घुमाने ले गए उसके दोस्त व अन्य आरोपितों पर सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम
पर पूर्व दर्जाधारी डॉ. संजय पालीवाल, कांग्रेस नेता मनोज सैनी, संजय सैनी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी, विकास चंद्रा के अलावा महिला नेता हेमा भंडारी भी जिला अस्पताल पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह व शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने स्वजनों और कांग्रेस नेताओं से वार्ता करते हुए निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा दिलाया। डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
शव लेने से किया इन्कार
पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों ने रिपोर्ट आने तक शव लेने से इन्कार कर दिया। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। स्वजनों का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद ही वह शव का अंतिम संस्कार करेंगे। तब पुलिस ने पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों से जानकारी लेते हुए स्वजनों को बताया कि प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत की बात सामने आई है। उसका विसरा भी सुरक्षित रख लिया गया है। काफी प्रयास के बाद स्वजनों ने शव लेने के लिए हामी भरी।
किशोरी ने क्यों खाया जहर, जल्द उठेगा पर्दा
किशोरी ने जहर क्यों खाया होगा, इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार है, क्या किशोरी की मौत का कनेक्शन एक दिन पहले लापता होने से है या उससे पहले भी उसके साथ कुछ गलत हुआ था, पुलिस इन सभी सवालों के जवाब ढूंढने में जुट गई।
किशोरी व उसके दोस्त ने ऋषिकेश घूमने की जानकारी दी है, इसकी सत्यता परखने के लिए एक टीम ऋषिकेश भेजी गई है। ऋषिकेश के अलावा हरिद्वार व कनखल क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ् ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का गहनता से विश्लेषण किया जा रहा है। ताकि जहर खाने के रहस्य से पर्दा उठ सके।
आज ज्वालापुर कोतवाली घेरेगी कांग्रेसी
चंपावत कांड के बाद कांग्रेसियों ने हरिद्वार में इस मामले को लपकने में देर नहीं की। उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने आरोप लगाय कि किशोरी के बरामद होने के बाद महिला पुलिसकर्मी की भूमिका सकारात्मक नहीं रही है। बताया कि साेमवार सुबह ज्वालापुर कोतवाली का घेराव करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
किशोरी के लापता होने के बाद अगली सुबह बरामद कर स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। रात में तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे अस्पताल लेकर गए। जहां डाक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराते हुए वीडियोग्राफी कराई गई है। स्वजनों ने किशोरी के दोस्तों पर आरोप लगाए हैं, उनकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
–
अभय प्रताप सिंह, एसपी सिटी हरिद्वार









