ऊधमसिंह नगर में गलत इंजेक्शन से 17 वर्षीय छात्र तेजस यादव का चेहरा बिगड़ गया, जिसके बाद उसकी मां की तहरीर पर डेंटिस्ट डॉ. संजय कुमार गोला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ऊधमसिंह नगर। गलत इंजेक्शन लगने के कारण 17 वर्षीय छात्र के चेहरे पर गंभीर संक्रमण और नाक-खाल गलने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर एक वर्ष बाद आरोपित बीडीएस डॉ. संजय कुमार गोला के विरुद्ध प्राथमिकी हुई है। काशीपुर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जसपुर खुर्द निवासी मीना यादव ने बताया है कि जुलाई 2025 में उनका पुत्र तेजस यादव मुरादाबाद रोड स्थित यशोवीर डेंटल केयर में दांत की रूट कैनाल कराने गया था। आरोप है कि डॉ. संजय गोला के छात्र को गलत जगह इंजेक्शन लगा दिया। इससे छात्र की नसों में ब्लॉकेज हो गई। उसे खून की उल्टी हुई और बीपी अनियंत्रित हो गया।
बाद में चेहरे पर गंभीर इंफेक्शन फैलने से उसकी स्थिति नाजुक हो गई। तेजस को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उसकी तीन सर्जरी हो चुकी हैं। नाक व आसपास का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से चेहरा विकृत हो गया है। आरोप है कि डॉक्टर की घोर लापरवाही से बेटे का जीवन संकट में पड़ गया। उसका यूनिवर्सिटी में एडमिशन भी निरस्त हो गया।
तीन बार करनी पड़ी शिकायत
मीना यादव ने बताया कि विभागीय अधिकारी आरोपित को बचाने के प्रयास में जुटे रहे। उन्होंने पिछले वर्ष 16 अक्टूबर व इस वर्ष 20 जनवरी को दो बार सीएम पोर्टल पर शिकायत की। फिर सीएम कैंप कार्यालय के माध्यम से 29 जनवरी शिकायत करने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और 50 हजार रुपये जुर्माना तय कर जवावदेही की इतिश्री कर दी।
बिना पंजीकरण चल रहा था क्लीनिक
सीएमओ के निर्देश पर तीन सदस्यीय समिति एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह, एलडी भट्ट के वरिष्ठ डेंटिस्ट डॉ. आदित्य सिंह, वरिष्ठ सर्जन डॉ. तरुण सिंह तोमर ने मामले की जांच की। जांच में पाया कि आरसीटी के दूसरे चरण में एनेस्थीसिया देने के बाद तेजस सदमे जैसी स्थिति में चला गया था।
एनेस्थीसिया के अनुचित प्रयोग से रक्त वाहिनी फटने से नाक के आसपास नेक्रोसिस हो गया। जांच में सामने आया कि डॉ. संजय गोला का क्लीनिक पंजीकृत नहीं था। गैर पंजीकृत केंद्र पर चिकित्सा सेवा देने के लिए 50 हजार रुपये जुर्माना लगाने के साथ क्लीन तत्काल बंद करने की संस्तुति 11 जून 2026 की रिपोर्ट में की है। मीना ने बताया कि आरोपित का क्लीनिक अब भी चल रहा है।