
रुद्रप्रयाग बाईपास पर जवाड़ी पुल के पास केदारनाथ जा रहे दिल्ली के दो युवकों की कार खाई में गिर गई। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के लिए जा रहे दिल्ली के दो युवकों की बलेनो कार बुधवार रात लोनिवि कार्यालय के निकट रुद्रप्रयाग बाईपास जवाड़ी पुल के पास अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें पहुंच गईं, लेकिन रात होने के कारण रेस्क्यू अभियान चलाने में परेशानी हुई।
बाद में दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
बुधवार रात को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रुद्रप्रयाग बाईपास जवाड़ी पुल के पास एक कार खाई में गिर गई है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ, कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस तथा आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं।
गहरी खाई होने के साथ ही रात का समय होने से रेस्क्यू आपरेशन चलाना काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम खाई में उतरी और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत मुख्य मार्ग तक लाया गया और एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान देव (24), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी किशनगढ़, वसंतकुंज, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
वहीं दूसरे घायल बालकृष्ण उर्फ तुषार (22 वर्ष), पुत्र मणिकंदन, निवासी महावीर एन्क्लेव, द्वारका, दिल्ली की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर श्रीनगर रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन इस बीच यह हादसा हो गया। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और सुरक्षित ड्राइविंग करने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।









