उत्तराखण्ड

Big Breaking:-आर्किड का पसंदीदा आशियाना बने उत्तराखंड के बांज-बुरांश के जंगल, चमोली में मिलीं 127 प्रजातियां

चमोली जिले में हुए एक शोध में आर्किड की 127 प्रजातियां मिली हैं, जिनमें 15 नई प्रजातियां भी शामिल हैं। बांज और बुरांश के जंगल इन दुर्लभ फूलों के लिए महत्वपूर्ण आवास साबित हुए हैं, जो स्वस्थ वन पारिस्थितिकी का संकेत है।

हल्द्वानी। बांज के जंगल सिर्फ वन संपदा के लिए ही नहीं बल्कि दुर्लभ आर्किड (फूल) प्रजातियों के प्राकृतिक आवास के लिए भी महत्वपूर्ण है।

चमोली जिले में आर्किड प्रजातियों पर किए गए अध्ययन में सामने आया है कि बांज और बुरांश के मिश्रित वन भी इनके लिए काफी अहम हैं। इन वन क्षेत्रों में पाई जाने वाली नमी, छायादार स्थान, घास वाली ढलान और पत्तियों से बनी जैविक परत आर्किड के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराती हैं।

2019 से 2024 के बीच चमोली में अध्ययन

दरअसल, उत्तराखंड वन विभाग की अनुसंधान शाखा के शोधकर्ता मनोज सिंह ने वर्ष 2019 से 2024 के बीच चमोली में यह अध्ययन किया। वन अनुसंधान शाखा के तत्कालीन मुख्य वन संरक्षक संजीव चतुर्वेदी के नेतृत्व में किया गया यह शोध डायवर्सिटी एंड डिस्ट्रीब्यूशन आफ आर्किड फ्लोरा इन चमोली डिस्ट्रिक्ट नाम से इंडियन जर्नल आफ फारेस्ट्री में प्रकाशित हुआ है।

इसमें सामने आया है कि चमोली जिले में आर्किड की कुल 127 प्रजातियां मिलीं हैं। यही नहीं जिले में आर्किड की 15 नई प्रजातियां भी मिलीं हैं। अध्ययन में सामने आया कि बांज के जंगलों में सर्वाधिक 49, बांज और बुरांश मिश्रित वनों में 33, अल्पाइन घास के मैदानों में 24, चीड़ के जंगलों में 16 और ठंडे रेगिस्तानी क्षेत्रों में पांच आर्किड प्रजातियां मिलीं हैं।

शोध में यह भी सामने आया कि चमोली में आर्किड की 80 प्रजातियां जमीन पर, 32 पेड़ों पर उगने वाली और 15 मृत जैविक पदार्थों से पोषण लेने वाली मिलीं। पेड़ों की बात करें तो 32 में से सबसे ज्यादा 18 प्रजातियां बांज के पेड़ों पर ही मिलीं।

पिथौरागढ़ की तरह ही समृद्ध है चमोली

चमोली भी पिथौरागढ़ जिले की तरह आर्किड प्रजातियों के लिए समृद्ध विविधता लिए हुए है। उत्तराखंड में पाई जाने वाली कुल 244 प्रजातियों में से पिथौरागढ़ और चमोली में 127-127 प्रजातियां मिलती हैं। चमोली में सिमबिड्यीम लेंसिफोल्यम, वांडा क्रिस्टाटा, हेमिपिलिया सेकेंडीफ्लोरा, प्लैटैंथेरा जापोनिका समेत अन्य आर्किड प्रजातियां मिलीं।

आर्किड का होना स्वस्थ जंगल का संकेत

प्रदेश में पाई जाने वाली आर्किड प्रजातियों में से 52 प्रतिशत का चमोली में मिलना इस बात का संकेतक है कि यहां के जंगल स्वस्थ हैं। क्योंकि आबोहवा में बदलाव, वनों के दोहन, वनाग्नि के प्रति आर्किड अत्यंत संवेदनशील होते हैं।

इसी तरह आर्किड के फूल मधुमक्खियों, तितलियों, मक्खियों और कुछ अन्य कीटों को आकर्षित करते हैं। इस तरह वे परागण से जुड़े प्राकृतिक संबंधों को बनाने में योगदान देते हैं।

सजावट और औषधि में होता है इस्तेमाल

आर्किड की खासियत यह है कि इसका फूल कुछ सप्ताह से लेकर करीब छह महीने तक ये खिलने की क्षमता रखता है। इस वजह से यह सजावट में काफी इस्तेमाल होता है। इसी तरह इसका औषधि में भी इस्तेमाल होता है।

चमोली में मिलने वाले दुर्लभ सालम पंजा कफ की दवा, हड्डी जोड़ने की दवा बनाने के काम आता है। इसी तरह च्यवनप्राश बनाने में इस्तेमाल होने वाली चार आर्किड प्रजाति जीवक, जीवक, ऋषभक, रिद्धि और वृद्धि भी चमोली में मिलती है।

शोधकर्ता मनोज सिंह ने बताया कि शोध में सीसीएफ डा. विनय भार्गव और डीएफओ विवेक तिवारी का भी सहयोग मिला।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top