भगवानपुर की प्रताप कॉलोनी में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवरात और एक मोटरसाइकिल चुरा ली। यह पूरी वारदात पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
भगवानपुर (रुड़की)। भगवानपुर कस्बे की प्रताप कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोर घर से एक मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण और बच्चों की गुल्लक तक समेट ले गए।
चोरी की यह पूरी वारदात पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष के रिश्तेदार की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रताप कॉलोनी निवासी अनिल शर्मा और उनके दो बेटे पिछले महीने हत्या के एक मामले में जेल गए थे। तब से उनके मकान पर ताला लटका हुआ था। रविवार की देर रात करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए।
चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखी सोने की एक चेन, एक अंगूठी, चांदी के सिक्के, चांदी की शाव और घर में रखी गुल्लक चोरी कर ली। जाते समय चोर आंगन में खड़ी मोटरसाइकिल भी ले उड़े।
सोमवार सुबह जब आसपास के लोगों ने मकान का मुख्य दरवाजा खुला और ताले टूटे देखे, तो उन्हें चोरी की आशंका हुई। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अनिल शर्मा के रिश्तेदारों को दी। सूचना मिलते ही रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और घर के भीतर बिखरा सामान देख पुलिस को सूचित किया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान सामने वाले मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें रात करीब 3:30 बजे चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद मिली हैं।
इस संबंध में भगवानपुर निवासी रिश्तेदार रामपाल ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।



