Big Breaking:-वीकेंड पर मसूरी-ऋषिकेश रूट पर रहेगा ट्रैफिक दबाव, देहरादून पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

देहरादून पुलिस ने वीकेंड, चारधाम यात्रा और गर्मी की छुट्टियों के कारण मसूरी, ऋषिकेश व चारधाम मार्गों पर भारी यातायात के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है।

देहरादून। वीकेंड, चारधाम यात्रा, हेमकुंड साहिब यात्रा और गर्मी की छुट्टियों के चलते 23 और 24 मई को मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और चारधाम मार्गों पर भारी यातायात दबाव की संभावना को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

एसएसपी देहरादून के निर्देशन में तैयार इस प्लान के तहत पूरे रूट को 04 सुपर जोन, 10 जोन और 19 सेक्टरों में बांटा गया है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 130 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। वहीं मसूरी मार्ग, देहरादून शहर और प्रमुख पर्यटन स्थलों की निगरानी के लिए दो ड्रोन टीमों को भी लगाया गया है।

दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की से मसूरी आने वाले वाहनों को डाटकाली, आरटीओ चेकपोस्ट, ट्रांसपोर्ट नगर, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर, कैंट और कुठालगेट होते हुए भेजा जाएगा। ट्रैफिक बढ़ने पर वाहनों को किमाड़ी-हाथीपांव रोड से डायवर्ट किया जाएगा। चकराता जाने वाले वाहनों के लिए जीएमएस रोड, नया गांव, सिंघनीवाला और लांघा रोड का रूट तय किया गया है।

ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहनों को एयरपोर्ट तिराहा, थानो रोड, पुलिया नंबर-6, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होकर भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर नेपाली फार्म, भानियावाला और मालदेवता मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। विकासनगर और हरबर्टपुर से आने वाले वाहनों को कैम्पटी फॉल मार्ग से मसूरी भेजने की योजना बनाई गई है।

मसूरी से लौटने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। हिमाचल की ओर जाने वाले वाहन पुराना राजपुर रोड और कैन्ट मार्ग से जाएंगे, जबकि आशारोड़ी और ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों को मालदेवता और थानो रोड से डायवर्ट किया जाएगा।

देहरादून शहर में पेसिफिक मॉल, सेन्ट्रियो मॉल, सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी क्षेत्र में ट्रैफिक बढ़ने पर तत्काल डायवर्जन लागू किया जाएगा। सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी में बैरियर लगाकर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

मसूरी में पार्किंग फुल होने की स्थिति के लिए तीन चरणों वाला प्लान बनाया गया है। दूसरे चरण में पर्यटकों के वाहन किंग क्रेग पार्किंग में खड़े कर लोकल टैक्सी से आगे भेजा जाएगा, जबकि तीसरे चरण में वाहनों को हाथीपांव और जीरो प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

ऋषिकेश में भी ट्रैफिक दबाव के अनुसार प्लान-A, B और C लागू किए जाएंगे। भारी वाहनों को नेपाली फार्म से देहरादून की ओर डायवर्ट किया जाएगा और नो-एंट्री खुलने के बाद ही ऋषिकेश में प्रवेश दिया जाएगा। मुनिकीरेती और श्यामपुर क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।

पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, नो पार्किंग में वाहन न खड़े करने और अनावश्यक हॉर्न से बचने की अपील की है। साथ ही ट्रैफिक अपडेट के लिए देहरादून पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फॉलो करने को कहा गया है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें