देहरादून में पढ़ाई के लिए आए सूडानी छात्र अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद कोबरा गैंग के लिए ड्रग तस्करी में शामिल हो गए।
देहरादून । दून पुलिस की ओर से विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी ने एक बार फिर उन चुनौतियों को सामने ला दिया है, जिनका सामना सुरक्षा एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क में करना पड़ कर रहा है।
कोकीन के साथ गिरफ्तार सूडान निवासी माइकल इक्का मेकसन व लेविकिरी वानीकी बीसीए और मेडिकल की पढ़ाई के लिए स्टूडेंट्स वीजा पर देहरादून आए। दोनों ने क्लेमेनटाउन स्थित यूनिवर्सिटी से वर्ष 2022 और 2023 में पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दोनों सूडान जाने के बजाय नशा तस्करी करने लगे।
पुलिस के मुताबिक, पिछले तीन-चार सालों से वह ड्रग तस्करी में जुटे हुए थे। दोनों देहरादून के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में नशा सप्लाई करते हैं। इस मामले में लोकल इंटेलिजेंस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि उनके पास दून में पढ़ रहे विदेशी नागरिकों का रिकार्ड तक मौजूद नहीं है। दोनों ड्रग तस्करों का सत्यापन नहीं किया गया, जिसके चलते वह तस्करी में जुटे रहे।
पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं नौ विदेशी नागरिक
कोबरा गैंग से जुड़े अब तक गिरफ्तार कुल 13 तस्करों में नौ विदेशी नागरिक शामिल हैं। विदेशी युवक-युवतियां सूडान, तंजानिया, जिंबाब्वे से पढ़ने के लिए दून पहुंचे, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद वह वापस नहीं गए और गिरोह से जुड़कर नशा तस्करी करने लगे।
इससे पहले राजपुर थाना पुलिस सान्यू डायना व रेजिना वावेरू दोनों निवासी निवासी सूडान, पास्कल जोन निवासी तंजानिया, नासोर जहरान हामेद निवासी तंजानिया, प्रिंसेली निवासी तंजानिया व मखोसेलिज निवासी जिंमाब्वे शामिल हैं। इनमें कुछ तस्करों को डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि कुछ अभी भी जेल में बंद हैं। नौ विदेशी तस्करों से 2.5 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद की जा चुकी है।
शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं कई विदेशी नागरिक
देहरादून में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक दून के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं। कोई घटना होने पर ही लोकल इंटेलिजेंस की ओर से इनका रिकार्ड खंगाला जाता है, इसके बाद वह भी चुप बैठ जाते हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो कई विदेशी छात्र जेल में ड्रग तस्करी में बंद आरोपितों से मिलने जाते हैं। अब पुलिस उन विदेशी छात्र-छात्राओं भी रिकार्ड खंगाल रही है, जोकि छिप-छिपाकर इन तस्करों से मिल रहे हैं।
नशा तस्करों पर दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
नशा तस्करों के विरुद्ध दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। वर्ष 2026 के शुरुआती पांच माह में दून पुलिस ने तीन करोड़ रुपये अनुमानित कीमत का नशा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस की ओर से एक किलो 230 ग्राम स्मैक, नौ किलो चरस, 51 किलो से अधिक गांजा और प्रतिबंधित गोलियां व कैप्सूल के साथ 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।