बागेश्वर जिले में मंगलवार को तीन ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं, जिससे लगभग तीन हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। इन सड़कों पर मरम्मत का कार्य जारी है, जिनमें से दो के जुलाई के अंत तक खुलने की संभावना है, जबकि एक मानसून के बाद खुलेगी।
बागेश्वर। जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ, लोक निर्माण विभाग कपकोट को छोड़कर तथा ब्रिडकुल की सभी सड़कें यातायात के लिए सुचारू है। हालांकि जिले के तीन ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद हैं, जिन पर मरम्मत और बहाली का कार्य चल रहा है। जिससे लगभग तीन हजार जनसंख्या प्रभावित हो रही है।
जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त हुई थी सड़क
लोक निर्माण विभाग की धैना-लखनी से लोहारी सिल्ली बंड-कन्स्यारी मोटर मार्ग के पांचवें किलोमीटर पर स्थानीय गधेरे का जलस्तर बढ़ने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। मार्ग को खोलने का कार्य जारी है और इसे 20 जुलाई तक सुचारू किए जाने की संभावना है। वहीं पीएमजीएसवाई के तहत खातीगांव-देवतोली मोटर मार्ग के 0.625 किमी पर स्कपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से मार्ग बंद है। स्कपर की मरम्मत का कार्य जारी है और सड़क को 31 जुलाई तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
मोटर मार्ग भी है बंद
इसके अलावा कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर मोटर मार्ग से काफलीकमेड़ा मोटर मार्ग भी बंद है। विभाग के अनुसार पहले किलोमीटर पर करीब 700 मीटर लंबा सक्रिय स्लाइडिंग जोन होने के कारण मानसून के दौरान इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुरक्षित नहीं है। इसलिए इस सड़क को मानसून समाप्त होने के बाद ही यातायात के लिए खोला जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार जनपद में फिलहाल कुल तीन ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हैं, जबकि अन्य सभी प्रमुख सड़कें सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।