ऋषिकेश के भट्टोवाला में सड़क किनारे शराब पीने से रोकने पर दो युवकों को गोली मार दी गई, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हमलावरों की तलाश जारी है।
ऋषिकेश। भट्टोवाला में सड़क किनारे शराब पी रहे तीन लोगों ने टोकने पर दो युवकों पर तमंचे से फायर झोंक दिया।
एक युवक के हाथ और दूसरे की जांघ में गोली लगी। घायलों का एम्स ऋषिकेश में में उपचार चल रहा है। भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिया। बाकी दो फरार हैं।
भट्टोवाला निवासी मनीष व्यास और जसपाल रावत गांव के पास की सड़क से जा रहे थे। इसी बीच उन्हें तीन लोग सड़क के पास ही जंगल में शराब पीते नजर आए।
उन्होंने खुले में शराब पीने को लेकर टोका। कहासुनी के बाद शराब पीने वाले युवकों ने उन पर फायर झोंक दिया। मनीष के हाथ में गोली लगने से वह जख्मी हो गया।
जसपाल के भी जांघ को छूते हुए गोली निकली। फायर की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और एक युवक को पकड़ लिया। युवक बिहार निवासी है। जिससे अभी पुलिस पूछताछ कर रही है।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि फरार युवकों की तलाश की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।