ऊधम सिंह नगर में जन्मदिन पार्टी से लौट रहे 26 वर्षीय टेंट व्यवसायी संजीव की कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआत में सड़क दुर्घटना लगी घटना में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गायब फोन से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
ऊधम सिंह नगर। रविवार रात जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे 26 वर्षीय टेंट व्यवसायी की कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम बाजावाला, ढकिया नंबर एक, कुंडेश्वरी निवासी संजीव (26) पुत्र स्व. सोमल सिंह के रूप में हुई है।
सोमवार सुबह प्रतापपुर भल्ला पुल के पास सड़क किनारे पेड़ से टकराई कार में उसका शव बरामद हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजीव की थारी में टेंट की दुकान है, जहां शिवम नाम का युवक पिछले तीन वर्षों से काम कर रहा है। रविवार को शिवम का जन्मदिन था।
इस सिलसिले में संजीव अपने शिवम और एक अन्य युवक के साथ जन्मदिन मनाने रामनगर कोसी पुल गए थे, जहाँ सभी ने साथ में बियर पी। इसके बाद वे वापस लौट रहे थे। संजीव ने दोनों को घर छोड़ा था। सोमवार सुबह प्रतापपुर भल्ला पुल के समीप कार पेड़ से टकराई हुई मिली, जिसके अंदर संजीव का शव पड़ा था।
राहगीरों की सूचना पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। शुरुआती दौर में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की स्थिति ने मामले को संदिग्ध बना दिया है।
फोन गायब, गले और सिर पर चोट के निशान
पोस्टमार्टम के दौरान संजीव के सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा, कार का एक दरवाजा खुला हुआ था और मृतक के दोनों मोबाइल फोन मौके से गायब थे। इन तथ्यों के सामने आने के बाद परिजन व पुलिस भी हत्या की आशंका जता रहे हैं।
पैनल से हो रहा पोस्टमार्टम
मृतक के चचेरे भाई शिव प्रसाद सिंह ने बताया कि संजीव के माता-पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। परिवार में उनकी 20 वर्षीय छोटी बहन आरती है। संजीव का विवाह 5 वर्ष पूर्व निशा से हुआ था और उनकी एक 3 वर्ष की बेटी हर्षिता है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया की तथ्य पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम पैनल से करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।