लक्ष्य राय चंदानी, जिन्होंने हल्द्वानी में क्रिकेट के गुर सीखे, अब अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था और उनकी कप्तानी में सहवाग व द्रविड़ के बेटे भी खेलेंगे।
हल्द्वानी। अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य राय चंदानी ने बल्लेबाजी के गुर हल्द्वानी की पिच में सीखे।
वह गोंडा से आठ साल पहले हल्द्वानी के जीएनजी क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण लेने पहुंच गए थे। उनके पिता राजेश राय चंदानी ने बताया कि बचपन से ही लक्ष्य को क्रिकेट का जुनून था। वह घर की गली में अकेले ही गेंद व बल्ला लेकर क्रिकेट खेलता था।
बचपन से ही क्रिकेट का जुनून
देहरादून में उत्तराखंड टीम की ओर से रणजी ट्राफी खेलने के बाद लक्ष्य बेंगलुरु को रवाना हो गए हैं। एशिया कप टूर्नामेंट मस्कट के ओमान क्रिकेट एकेडमी में तीन से 10 नवंबर तक होने वाला है। इसमें लक्ष्य की कप्तानी में भारतीय टीम छह नवंबर को नेपाल के खिलाफ खेलेगी।
इसके बाद आठ नवंबर को पाकिस्तान और 10 नवंबर को यूएई के साथ मुकाबला होगा। लक्ष्य के पिता राजेश ने बताया कि बेटे को क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ भारत के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का अवार्ड मिल चुका है। उन्हें बीसीसीआइ ने नमन एनुअल अवार्ड के लिए चयनित किया था। वह उत्तराखंड टीम के बेस्ट खिलाड़ी रहे।
उन्होंने वीनू मांकड़ अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में तीन विकेट लिए थे। इसमें उन्होंने बिहार की टीम को हराया था। लक्ष्य दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। हल्द्वानी में उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई डीएवी स्कूल से की। एकेडमी में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं।
भारत व श्रीलंका में ही दोहरा शतक जड़कर बने हीरो
जुलाई में भारत व श्रीलंका टीम के मध्य खेले पहले यूथ टेस्ट में ही लक्ष्य ने दोहरा शतक जड़ा था। इसमें वह भारतीय टीम के उप कप्तान रहे। उन्होंने 324 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौके व तीन छक्कों की मदद से 207 रन बनाए थे। हल्द्वानी में वह कोच स्व. अभिषेक कुमार की देखरेख में खेल रहे थे।
लक्ष्य की कप्तानी में खेलेंगे सहवाग व द्रविड़ के बेटे
अंडर-19 भारतीय टीम में हल्द्वानी के लक्ष्य राय चंदानी की कप्तानी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहावाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है।



