देहरादून
शहर में रात्रिकालीन संचालन को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में राजपुर रोड स्थित चर्चित चिका क्लब पर देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब का संचालन बंद कराया। बताया जा रहा है कि क्लब निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी संचालित हो रहा था और अंदर पार्टी जारी थी।

सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्लब में चल रही गतिविधियों की जांच की। जांच के दौरान क्लब प्रशासन द्वारा निर्धारित समयावधि के बाद भी संचालन किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लब को बंद कराया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम क्लब के मैनेजर को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे देर रात तक आवश्यक जानकारी जुटाई गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्लब प्रबंधन द्वारा प्रशासन के आदेशों और तय समय सीमा का उल्लंघन किन परिस्थितियों में किया गया।
इस संबंध में जब हमारी टीम ने थाना प्रभारी राजपुर पीडी भट्ट से दूरभाष पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि क्लब का संचालन निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद भी किया जा रहा था। शिकायत एवं जांच में इसकी पुष्टि होने पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लब का संचालन बंद कराया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के क्लब, बार, पब और अन्य मनोरंजन स्थलों के संचालन के लिए स्पष्ट समय सीमा निर्धारित की गई है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून और प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।