दून अस्पताल के बिलिंग काउंटर पर एक महिला ने कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस बुलाई गई।
देहरादून। दून अस्पताल के दो नंबर गेट स्थित बिलिंग काउंटर पर बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जमकर हंगामा हो गया। एक महिला ने बिलिंग कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। काफी देर तक चले विवाद के कारण अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति डिस्चार्ज का बिल बनवाने के लिए काउंटर पर पहुंचा था, लेकिन वह गलती से लैब की लाइन में लग गया। काफी देर इंतजार के बाद जब उसका नंबर आया तो कर्मचारियों ने बताया कि यह काउंटर लैब से संबंधित है और डिस्चार्ज बिल दूसरे बिलिंग काउंटर से बनेगा।
इसके बाद वह सीधे बिलिंग काउंटर पर पहुंचा। वहां मौजूद कर्मचारी ने उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइन में लगकर आने के लिए कहा।
कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हुई। इसी बीच व्यक्ति के साथ आई महिला ने कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने तत्काल संबंधित कर्मचारी को हटाकर दूसरे कर्मचारी को काउंटर पर बैठाया, लेकिन महिला पुलिस को बुला लाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अस्पताल के गेट पर भी विरोध जताती रही और नाराजगी में गेट पर लात मारने लगी।
अस्पताल कर्मचारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला का आरोप था कि सुबह से उन्हें एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक भेजा जा रहा है और कर्मचारियों का व्यवहार भी ठीक नहीं है।वहीं, कर्मचारियों का कहना था कि महिला और उसके साथ आए व्यक्ति को केवल लाइन में लगकर आने के लिए कहा गया था, जिस पर वे नाराज हो गए।
कर्मचारियों ने बताया कि हंगामे के बीच ही उनका डिस्चार्ज बिल भी बना दिया गया था। चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस बिष्ट ने बताया कि व्यक्ति गलत लाइन में लग गया था। उसे दूसरी लाइन में लगने के लिए कहा गया, जिसके बाद विवाद बढ़ा।
मामला शांत कराने के लिए तत्काल दूसरे कर्मचारी को काउंटर पर बैठाया गया। उन्होंने बताया कि अभद्रता के आरोपों को लेकर संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।