उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में स्थित साबिर पाक दरगाह परिसर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी के बेटे का बैग संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है.
रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक परिसर से भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी का 27 वर्षीय बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. साबिर पाक दरगाह परिसर में युवक का एक लावारिस काला बैग मिला है, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले को और गंभीरता से लिया है. पुलिस ने बैग बरामद कर युवक के पिता को सौंप दिया है.
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है. वहीं, लापता युवक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक सत्यम के पिता शंकर सिंह बिहार के रहने वाले हैं और भारतीय वायुसेना में ऑफिसर हैं. वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में है.
निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर था सत्यम: बताया जा रहा है कि सत्यम एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर काम करता था. लेकिन परिजनों का कहना है कि उसने करीब डेढ़ महीने पहले ही अपनी नौकरी छोड़ दी थी. परिजनों ने बताया कि सत्यम का पिछले काफी दिनों से अपने पिता से संपर्क नहीं हो पाया था. दोनों के बीच काफी समय से बातचीत भी बंद थी. ऐसे में अचानक उसके लापता होने की खबर मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं. परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं और उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं.
17 अक्टूबर को मिल था बैग: जानकारी के अनुसार बीती 17 अक्टूबर को पिरान कलियर थाना पुलिस को दरगाह साबिर पाक परिसर में एक काले रंग का बैग लावारिस हालत में मिला था. पुलिस ने जब चेकिंग की तो उसमें से लैपटॉप, पासपोर्ट और कई जरूरी दस्तावेज मिले. जिनके आधार पर पता चला कि वो बैग सत्यम का है. इसके बाद पुलिस ने सत्यम के पिता को मामले की जानकारी दी.
पुलिस ने 18 अक्टूबर को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग सत्यम के पिता को सौंप दिया. हालांकि अभी तक सत्यम का कुछ पता नहीं चल पाया है. इसी वजह से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. फिलहाल पुलिस सत्यम का पता लगाने में जुटी हुई है.
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि मामले में कोतवाली पुलिस ने सत्यम के पिता की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है. पुलिस अब युवक की तलाश के लिए अलग-अलग माध्यमों से जानकारी जुटा रही है. इसके साथ ही दरगाह परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि सत्यम के आने-जाने और उसके लापता होने से जुड़ा कोई सुराग मिल सके. फिलहाल सत्यम के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.



