उत्तराखंड कैबिनेट ने पदक विजेता खिलाड़ियों को परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी है। इसके साथ ही, ‘एक जिला एक खेल’ योजना के तहत 14 मुख्य प्रशिक्षकों की तैनाती को भी मंजूरी मिली है।
देहरादून। धामी कैबिनेट ने प्रदेश में खिलाड़ियों काे प्रोत्साहित करने के लिए अहम निर्णय किया है। इसके तहत राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ी उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निश्शुल्क सफर कर सकेंगे। वहीं, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए ‘एक जिला एक खेल’ योजना के तहत 14 मुख्य प्रशिक्षकों की तैनाती के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इस कड़ी में अब सरकार ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दूसरे शहर व राज्यों में निर्बाध आवागमन की व्यवस्था की है।
वहीं, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए हर जिले में एक-एक तथा खेल निदेशालय में एक, कुल 14 मुख्य प्रशिक्षकों को तैनात करने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने स्वीकृति दी है। इन प्रशिक्षकों को भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा निर्धारित योग्यता व अनुभव के आधार पर रखा जाएगा। इन्हें 1.45 लाख का नियत मानदेय दिया जाएगा।
उत्तराखंड एडवेंचर टूरिज्म कारपोरेशन का होगा गठन
प्रदेश में साहसिक एवं पर्यावरणीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने और इसे सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड एडवेंचर टूरिज्म कारपोरेशन का गठन किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और उत्तराखंड निवेश एवं आधिकारिक संरचना विकास बोर्ड के संयुक्त रूप उपक्रम के रूप में यह कंपनी गठित की जाएगी।
कैबिनेट के अन्य अहम निर्णय
- उत्तराखंड सिविल विधि संशोधन विधेयक 2926 को को स्वीकृति
- उत्तराखंड मानवाधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट 2019-22 को सदन पटल पर रखने की स्वीकृति
- वित्तीय डाटा सेंटर में तकनीकी संवर्ग के पुनर्गठत को स्वीकृति, तीन वर्ष के लिए आउटसोर्स पर रखे जाएंगे कार्मिक
- विभागीय लेखा निदेशालय में कनिष्ठ सहायक के पांच नए पद होंगे सृजित
- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समूह ग एवं घ के कार्मिकों की सेवा नियमावली स्वीकृति



