हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस आज देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच करेगी।
देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस के तेवर तल्ख हैं। प्रदेश कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर आज मुख्यमंत्री आवास कूच प्रस्तावित है। जिसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के दून में जुटने के दावे किए जा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की सभा के बाद हुई घटना के विरोध में कांग्रेस एकजुट
रविवार को यमुना कालोनी स्थित अपने आवास पर कांग्रेसजनों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता परेशान है और अब वह परिवर्तन का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी।
प्रीतम सिंह ने की शुद्धिकरण के दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग
प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सात सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में एकत्र होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करें।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के कार्यक्रम स्थल पर शुद्धीकरण के मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आनन-फानन में एफआइआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निंदा की।
संविधान का अपमान किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि संविधान का अपमान किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि सात सितंबर को विभिन्न क्षेत्रों से हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे।
बैठक में प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, पूर्व प्रदेश महामंत्री राजीव पुंज, पूर्व पार्षद रमेश कुमार मंगू, प्रदेश सचिव देवेंद्र पाल सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव सुधीर आदि उपस्थित रहे।