ऋषिकेश में सोमवार शाम हुई तेज बारिश के कारण बीन नदी उफान पर आ गई, जिससे तालघाटी क्षेत्र की ओर जा रहा एक वाहन पानी में बह गया। एसडीआरएफ और पुलिस ने वाहन में फंसे चालक सहित दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए एम्स भेजा।
ऋषिकेश। सोमवार शाम से हो रही तेज वर्षा के चलते बीन नदी उफान पर आ गई। नदी के तेज बहाव की वजह से तालघाटी क्षेत्र की ओर जा रहा एक वाहन देर शाम पानी में बह गया।
वाहन में चालक समेत दो लोग सवार बताए गए। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम ने जेसीबी की मदद से वाहन को नदी से बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने दूसरे व्यक्ति को भी निकाल लिया। नदी से रेस्क्यू करने के बाद दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए एम्स भेजा गया है।