उत्तराखण्ड

Big Breaking:-नितिन नवीन की टीम में उत्तराखंड के चार चेहरे, संगठन से डिजिटल मोर्चे तक बढ़ा राज्य का कद

नितिन नवीन की नई भाजपा टीम में उत्तराखंड के चार प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारियां मिली हैं।

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में उत्तराखंड की मौजूदगी चार प्रमुख चेहरों के साथ दर्ज हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, संगठन के अनुभवी चेहरे महेंद्र पांडेय को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।

चारों की भूमिकाएं अलग हैं, लेकिन इन नियुक्तियों में उत्तराखंड का चारों मोर्चों पर प्रतिनिधित्व दिखाई देता है। तीरथ सिंह रावत का सफर संघ-भाजपा संगठन से मुख्यमंत्री और सांसद तक पहुंचा है। महेंद्र पांडेय की पहचान चुनावी राजनीति से अधिक संगठनकर्ता की रही है। अनिल बलूनी ने संचार और मीडिया प्रबंधन से राष्ट्रीय राजनीति में अपनी जगह बनाई। वहीं आलोक भट्ट को डिजिटल और सोशल मीडिया के मोर्चे पर जिम्मेदारी मिली है।

तीरथ सिंह रावत: प्रचारक से मुख्यमंत्री और अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

तीरथ सिंह रावत का जन्म 9 अप्रैल 1964 को पौड़ी गढ़वाल के सीरों गांव में हुआ। उन्होंने गढ़वाल विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की। छात्र राजनीति से निकलकर वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में प्रचारक के रूप में काम किया।

बाद में भाजपा संगठन में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ती गईं। वह उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद वह राज्य के पहले शिक्षा मंत्री बने। 2012 में चौबट्टाखाल से विधायक चुने गए और 2013 में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने गढ़वाल सीट से जीत दर्ज की।

10 मार्च 2021 को तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनका कार्यकाल करीब चार महीने रहा और जुलाई 2021 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनका अनुभव राज्य की सीमाओं से बाहर पार्टी के काम आएगा। उनके पास संगठन, सरकार और संसद तीनों स्तरों पर काम करने का अनुभव है।

महेंद्र पांडेय: संगठन के रणनीतिकार

महेंद्र पांडेय उत्तराखंड से जुड़े भाजपा के उन नेताओं में हैं जिनकी पहचान संगठनात्मक जिम्मेदारियों के कारण बनी। उनका संबंध अल्मोड़ा से बताया जाता है। उनका बड़ा संगठनात्मक पड़ाव हिमाचल प्रदेश रहा, जहां वह भाजपा के संगठन मंत्री रहे। संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले पांडेय ने हिमाचल में पार्टी संगठन के विस्तार और कार्यकर्ता तंत्र के साथ काम किया।

इसके बाद उनकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय संगठन में बढ़ी। वर्ष 2016 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यालय सचिव बनाया गया। केंद्रीय कार्यालय की व्यवस्थाओं और संगठनात्मक कामकाज का लंबा अनुभव अब उनकी नई जिम्मेदारी का आधार है। नितिन नवीन की टीम में उन्हें राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है।

अनिल बलूनी: संचार-मीडिया का पुराना अनुभव

अनिल बलूनी का जन्म पौड़ी गढ़वाल के नकोट गांव में हुआ। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक की पढ़ाई की और पत्रकारिता का प्रशिक्षण भी लिया। भाजपा से उनका जुड़ाव छात्र जीवन में एबीवीपी के माध्यम से हुआ।

बाद में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े नेताओं के संपर्क में आए और राजनीतिक-संचार के क्षेत्र में सक्रिय हुए। बलूनी ने भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। उत्तराखंड में वह वन्यजीव बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे।

2014 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी में भाजपा के मीडिया प्रबंधन में उनकी भूमिका रही। इसके बाद वह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख बने। 2018 में वह उत्तराखंड से राज्यसभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं वन तथा स्वास्थ्य से जुड़ी संसदीय समितियों में काम किया।

2024 में भाजपा ने उन्हें गढ़वाल लोकसभा सीट से मैदान में उतारा, जहां उन्होंने जीत दर्ज की। मीडिया प्रबंधन का पुराना अनुभव अब उनकी नई भूमिका में सीधे काम आएगा। नितिन नवीन की टीम में बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। यानी पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक संदेश को मीडिया और सार्वजनिक संवाद के माध्यम से प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके हिस्से आएगी।

आलोक भट्ट: डिजिटल मोर्चे पर उत्तराखंड का चेहरा

आलोक भट्ट को नवीन की नई टीम में सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। भाजपा में सोशल मीडिया अब केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि संगठन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रमुख प्लेटफार्म बन चुका है। उत्तराखंड भाजपा से जुड़े चुनावी प्रबंधन में आलोक भट्ट का नाम सोशल मीडिया और हाईटेक अभियान से भी जुड़ा रहा है।

फेसबुक और ट्विटर पर सरकार और संगठन के कामकाज को अधिकतम लोगों तक पहुंचाने में आलोक भट्ट की विशेषज्ञता है। आलोक भट्ट की डिजिटल सक्रियता लंबे समय से सार्वजनिक रही है। उनके इंटरनेट मीडिया अकाउंट से जुड़े पुराने संदर्भों में भाजपा और राष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी सक्रियता सामने आती रही है।

नई जिम्मेदारी में उनकी भूमिका भाजपा के सोशल मीडिया अभियानों, डिजिटल नैरेटिव, आनलाइन कार्यकर्ता संवाद और पार्टी के संदेश को डिजिटल प्लेटफार्म तक पहुंचाने से जुड़ी होगी।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top