Big Breaking:-मसूरी में शाम 5 बजे बाद वाहनों की आवाजाही पर बैन, लागू होगा वन-वे ट्रैफिक; पढ़िए बड़े फैसले

पर्यटन नगरी Mussoorie में बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए नगर पालिका ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। माल रोड पर शाम 5 बजे के बाद वाहनों पर प्रतिबंध और शहर के प्रमुख मार्गों पर वन-वे सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

देहरादून: पर्यटन नगरी Mussoorie में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर के विभिन्न हितधारकों के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए ठोस योजना तैयार की गई।

Mussoorie Introduces New Traffic Rules to Reduce Congestion

बैठक में मसूरी के प्रमुख मार्गों—घंटाघर, मलिंगार, सिविल रोड, पालिका रोड और लाइब्रेरी क्षेत्र—को चरणबद्ध तरीके से वन-वे ट्रैफिक सिस्टम में बदलने का प्रस्ताव रखा गया। सभासद अमित भट्ट ने पर्यटन समिति द्वारा तैयार किए गए प्लान का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि इस व्यवस्था से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।

शाम 5 बजे के बाद वाहनों पर प्रतिबंध

बैठक का सबसे अहम निर्णय माल रोड को लेकर लिया गया। तय किया गया कि शाम 5 बजे के बाद माल रोड पर किसी भी प्रकार के सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। हालांकि स्थानीय निवासियों,

स्कूली बच्चों और कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को शाम 6 बजे तक सीमित छूट दी जाएगी। इसके अलावा स्थानीय निवासियों को अपने घर तक पहुंचने के लिए एक बार प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जिसके लिए नगर पालिका द्वारा विशेष पास जारी किए जाएंगे।

डिलीवरी समय में बदलाव

शहर में जाम की समस्या को देखते हुए सामान वितरण के समय में भी बदलाव किया गया है। अब सामान्य डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं दूध, गैस और ड्राई क्लीनिंग जैसी आवश्यक सेवाओं को सुबह के समय डिलीवरी की अनुमति दी गई है, ताकि भीड़भाड़ को कम किया जा सके। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि माल रोड पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी होटल संचालक द्वारा माल रोड पर वाहन खड़े कराए जाते हैं, तो संबंधित होटल पर कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

व्यवस्था लागू करने के लिए विशेष तैनाती

नई ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नगर पालिका द्वारा 20 से 25 कर्मचारियों की विशेष रूप से तैनाती की जाएगी। यह तैनाती दो महीने के लिए की जाएगी, ताकि व्यवस्था को सही तरीके से लागू किया जा सके। साथ ही इस पूरे प्लान को जल्द ही पुलिस और यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा कर अंतिम रूप दिया जाएगा।

लोगों से सहयोग की अपील

पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि मसूरी को सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शुरुआत में कुछ असुविधाएं हो सकती हैं, लेकिन लंबे समय में यह व्यवस्था शहर और पर्यटन के लिए फायदेमंद साबित होगी।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें