
नैनीताल में एक युवक चोरी के इरादे से बंद होमस्टे में घुस गया। कमरों की तलाशी के बाद किचन में शराब की बोतल देखकर उसका इरादा बदल गया। उसने पूरी बोतल पी ली और वहीं सो गया।
नैनीताल। शहर में रात को बंद होम स्टे में एक युवक चोरी के इरादे से भीतर घुस गया। कमरे छानने के बाद किचन में मिली शराब की बोतल ने युवक के चोरी के इरादे बदल दिए। रात में पूरी बोतल गटक युवक भीतर ही सो गया।
सुबह भवन स्वामी पहुंचे तो दरवाजा खुला व भीतर एक अनजान युवक को देख दंग रह गए। लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके विरुद्ध पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई कर नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक शहर निवासी प्रदीप बोरा का अयारपाटा क्षेत्र में घर है। जिसके समीप ही वह होमस्टे का संचालन करते है। सोमवार रात होमस्टे बंद कर वह घर चले गए। इस दौरान कोई कर्मचारी भी होमस्टे में मौजूद नहीं था। रात करीब 12:30 बजे एक युवक चोरी के इरादे से भीतर घुस गया। सभी कमरे छानने के बाद जब उसे कोई कीमती चीज नहीं मिली तो वह किचन में पहुंचा। जहां शराब की बोतल रखी देख उसके इरादे बदल गए।
पूरी रात भीतर बैठ वह पूरी बोतल गटक गया। नशा अधिक होने के कारण भीतर ही सो गया। सुबह होमस्टे कर्मी व स्वामी पहुंचे तो दरवाजा खुला व भीतर युवक लेटा मिला। उठाने पर वह गाली गलौच पर उतर आया। जिसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर भी सौपी। सूचना पर युवक के स्वजन भी कोतवाली पहुंच गए। जहां स्वजनों ने बेटे के नशेड़ी होने की बात बताई।
एसआई प्रवीण तेवतिया ने बताया कि स्ट्रॉबेरी लॉज निवासी राकेश कुमार के विरुद्ध पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई कर नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया गया है।









