हल्द्वानी में स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्लास्टिक कचरा जैसे चिप्स के पैकेट, बोतलें और केन वापस करने पर प्रति आइटम दो रुपये का रिफंड मिल रहा है।
हल्द्वानी। शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए हैदराबाद की एक रिसाइकिल कंपनी ने सरकार से टाईअप किया है, जिसमें खाली प्लास्टिक वस्तु, चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक की केन या टेट्रा पैक को इन्हें वापस करने पर प्रत्येक आइटम में दो रुपये रिफंड मिल रहे हैं।
यह डेमो हल्द्वानी, भीमताल व रामनगर के कार्बेट पार्क में किया जा रहा है, जिसमें लोगों से सड़कों में कचरा न फेंककर इन्हें वापस करने की पहल करवाई जा रही है।
शुक्रवार को हल्द्वानी नगर निगम के आगे स्वच्छ भारत मिशन के तहत सबका साथ स्वच्छ उत्तराखंड की थीम पर स्टाल लगाया गया, जिसमें लोगों को बताया गया कि खाली पैकेट, प्लास्टिक की बोतलें वापस करने पर उनके खाते में दो रुपये वापस आएंगे। हालांकि पहला दिन होने के चलते ज्यादा लोगों ने उन्हें यह कचरा वापस नहीं किया।
तीन शहरों में डैमो
स्टाल में बैठे कर्मी ने बताया कि अभी यह इन तीन शहरों में डैमो के रूप में किया जा रहा है। बताया कि अगर कोई भी हमें इस तरह की वस्तु वापस करता है तो हम उसमें रिटर्न अर्न रिसाइकल का एक क्यूआर कोड लगा रहे हैं, जिस पर हैंड स्कैनिंग डिवाइस से यह क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद उपभोक्ताओं के खातों में दो रुपये पहुंच रहे हैं।
कहा कि भविष्य में इस तरह के सेंटर शहरों में खुलेंगे, जबकि सरकार की ओर से वर्ष 2022 से चारधाम रूटों में यह सेंटर खुले हुए हैं। वर्ष 2025-26 में चार धाम रूट से 17.45 मिट्रिक टन कचरा हैदराबाद की कंपनी ने रिसाइकिल किया है।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि हैदराबाद की रिसाइकल कंपनी व सरकार के बीच टाईअप हुआ है, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए यह पहल की गई है। इससे चिह्नित आइटम देने पर उपभोक्ताओं को कैश रिफंड भी मिल रहा है।
भीमताल में भी लगा स्टाल सीएम ने भी की सराहना
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि यह स्टाल भीमताल में भी लगाया गया, जिस पर इस कान्सेप्ट की सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सराहना की है। स्टाल में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने भी डेमो देखा है। हल्द्वानी में यह स्टाल करीब 20 से 25 दिन तक रहेगा।