हल्द्वानी में बेटे को पुलिस हिरासत में लेने के बाद मां सविता जोशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
हल्द्वानी। पुलिस की ओर से बेटे को हिरासत में लेने के बाद मुखानी थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
बेटे को छुड़वाने के लिए महिला ने पुलिस से गुहार भी लगाई थी। लेकिन बात को अनसुना कर दिया गया। घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला की मौत से बिखरा परिवार अभी सदमे में हैं। इसलिए ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। लेकिन मृतका के पति ने इतना जरूर कहा कि उनके साथ गलत हुआ है। अंत्येष्टि के बाद वह पुलिस की पूरी कहानी को बयां करेंगे।
मुखानी थाना क्षेत्र से जुड़ी दुर्गा कालोनी में किराये पर रहने वालेे राजीव जोशी रामपुर रोड स्थित नैनीताल मोटर्स में नौकरी करते हैं। मंगलवार रात साढ़े नौ बजे करीब मुखानी पुलिस ने उनके बेटे को हिरासत में लिया था। पुलिस का कहना है कि वह सार्वजनिक जगह पर हंगामा कर रहा था। जबकि परिवार ऐसी किसी घटना से इन्कार कर रहा है।
बेटे के पकड़े जाने के बाद मां सविता जोशी थाने भी पहुंची। लेकिन पुलिस का कहना था कि 81 एक्ट में चालान किया गया है। इसलिए बाद में छोड़ेंगे। परेशान होकर सविता घर लौट आई। घर पर बुधवार दोपहर चार बजे के आसपास अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद राजीव पत्नी को लेकर सीधा बेस अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मां की हालत बिगड़ने पर बेटे को छोड़ा
मंगलवार रात साढ़े नौ बजे करीब पुलिस ने बेटे को हिरासत में लिया था। मां के कहने पर भी नहीं छोड़ा। बुधवार दोपहर चार बजे सविता की तबीयत बिगड़ी। सूचना पुलिस तक भी पहुंची। जिसके बाद बेटे को छोड़ दिया गया।
मेमो में लिखा ब्राड डेड, आज पता चलेगी वजह
बेस अस्पताल से शव को सीधा मोर्चरी भेज दिया गया। अस्पताल के रिकार्ड में ब्राड डेथ का जिक्र किया गया। यानी महिला मृत अवस्था में अस्पताल पहुंची थी। देर शाम होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गुरुवार को सविता के पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि मौत की असल वजह क्या थी?
एसपी बोले, आभूषण को लेकर भी विवाद
मामले को लेकर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल का कहना है कि मामला आभूषण के लेनदेन से भी जुड़ा है। इसे लेकर गुरुवार को दोनों पक्षों को मुखानी थाने में बुलाया गया था। सविता भी वहां पहुंची थी। इसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम से वजह स्पष्ट होगी।