देहरादून में ई-केवाईसी न कराने वाले एक लाख से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन तेल कंपनियों ने ब्लॉक कर दिए हैं। अब सत्यापन के बाद ही उनकी गैस आपूर्ति बहाल हो सकेगी और बुकिंग शुरू होगी।
देहरादून। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले दून जिले के एक लाख से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन तेल कंपनियों ने ब्लाक कर दिए हैं। 30 सितंबर की समयसीमा समाप्त होने के बाद हुई इस कार्रवाई के साथ इन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग भी निलंबित कर दी गई है। अब ई-केवाईसी पूरी करने के बाद ही कनेक्शन बहाल हो सकेंगे और गैस बुकिंग शुरू हो सकेगी। जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लाक होने से गैस एजेंसियों पर सत्यापन कराने वालों की आवाजाही बढ़ गई है।
घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन कई माह से चल रहा था। तेल कंपनियों ने इसके लिए समयसीमा भी बढ़ाई, लेकिन इसके बावजूद एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने प्रक्रिया पूरी नहीं की। निर्धारित समयसीमा गुजरते ही ऐसे कनेक्शनों को स्वत: ब्लाक कर दिया गया। कार्रवाई की जद में वे उपभोक्ता भी आए हैं, जिन्होंने गैस की बुकिंग करा रखी थी।
बुकिंग निलंबित होने के कारण अब उन्हें पहले सत्यापन कराना होगा। जिले में 70 गैस एजेंसियों के माध्यम से करीब 8.7 लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाती है। ऐसे में एक लाख से अधिक कनेक्शनों का ब्लाक होना बड़ी संख्या में परिवारों की रसोई गैस आपूर्ति से जुड़ा मामला है।
मोबाइल एप से भी करा सकते हैं सत्यापन
जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि ई-केवाईसी पूरी होते ही ब्लाक हुए कनेक्शन स्वत: खुल जाएंगे। उपभोक्ता संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल एप से सत्यापन करा सकते हैं। इसके अलावा गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मियों की बायोमेट्रिक मशीन या फेस स्कैन के माध्यम से भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ता आधार कार्ड, गैस पासबुक और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर सहित जरूरी दस्तावेज लेकर संबंधित एजेंसी पर भी प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।



