Big Breaking:-दिल्ली में रहने वाले उत्तराखंडियों को राहत, इस शहर के लिए अब हफ्ते में 5 दिन उड़ानें

पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए हवाई सेवा अब 1 जून से सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी।

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए अब सप्ताह में पांच दिन विमान सेवा संचालित होगी।

यात्रियों की भारी डिमांड को देखते हुए एलायंस एयर कंपनी ने एक जून से सोमवार व शुक्रवार को भी हवाई सेवा का संचालन करने का निर्णय लिया है। हालांकि इन दो दिनों में किराया अन्य दिनों की अपेक्षा महंगा होगा। सोमवार व शुक्रवार को हवाई सेवा उड़ान योजना के अंतर्गत संचालित नहीं की जाएगी।

पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए एलायंस एयर के 42 सीटर विमान का संचालन किया जाता है। उड़ान योजना के तहत अभी तक सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को यह सेवा संचालित होती है।

उड़ान योजना

यात्रियों को सस्ती विमान सेवा का लाभ देने के लिए शुरू की गई उड़ान योजना के अंतर्गत पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए किराया करीब सात हजार है। हवाई सेवा की शुरूआत से ही इस रूट पर कंपनी को जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। सप्ताह में केवल तीन दिन ही सेवा होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और यात्री लगातार सेवा विस्तार की मांग उठा रहे थे।

यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए अब कंपनी ने एक जून से हवाई सेवा में विस्तार करते हुए इसे सप्ताह में पांच दिन संचालित करने का निर्णय लिया है। कंपनी की ओर से अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।

अब एलायंस एयर कंपनी का विमान सोमवार व शुक्रवार को भी दिल्ली-पिथौरागढ़ रूट पर उड़ान भरेगा। इन दो दिनों में इसे उड़ान योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। इन दो दिनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की अपेक्षा अब अपनी जेब थोड़ा और ढीली करनी पड़ेगी। इस रूट पर सोमवार व शुक्रवार का किराया दस से बारह हजार के बीच निर्धारित किया गया है। जबकि पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए संचालित होने वाली विमान सेवा यथावत रहेगी।

अब वीकेंड पर आसानी से आ सकेंगे लोग

दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए अब पांच दिन हवाई सेवा का संचालन होने से यात्रियों व पर्यटकों को खासी राहत मिलेगी। वहीं, आदि कैलास, ओम पर्वत व अन्य पर्यटन स्थलों की यात्रा करने आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही लोग वीकेंड मनाने पिथौरागढ़ आसानी से पहुंच सकेंगे।

शुक्रवार को फ्लाइट से पिथौरागढ़ पहुंचने वाले लोगों का दो दिन यहां वीकेंड मनाकर सोमवार को वापसी करना भी संभव हो सकेगा। इससे सीमांत जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए आगामी एक जून से सप्ताह में पांच दिन एलायंस एयर कंपनी द्वारा हवाई सेवा का संचालन किया जाएगा। सोमवार व शुक्रवार को दो दिन अतिरिक्त यह सेवा संचालित होगी। इन दो दिनों में इसे उड़ान योजना के अंतर्गत संचालित नहीं किया जाएगा। – संदीप यादव, एयरपोर्ट डायरेक्टर

Ad Ad

सम्बंधित खबरें