
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को 250 मेगावाट के नए टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया है। इससे टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट की कुल क्षमता 1000 मेगावाट हो जाएगी, जो उत्तर भारत में एक रिकॉर्ड है।
देहरादून। ऊर्जा सेक्टर में पंप स्टोरेज तकनीक का अभी कई राज्य ककहरा ही सीख रहे हैं, वहीं उत्तराखंड टिहरी पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट के साथ न केवल ऊर्जा भंडारण का सुपर माडल बनकर उभर रहा है, बल्कि उत्तर भारत को लीड करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
अब मुख्यमंत्री धामी ने पीएम नरेन्द्र मोदी को 250 मेगावाट के नए टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट के लोकार्पण का आमंत्रण दिया है। क्षमता वृद्धि से टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट की कुल क्षमता 1000 मेगावाट हो जाएगी, जो एक रिकार्ड होगा। अभी पूरे उत्तर भारत में इतनी क्षमता का कोई ऊर्जा भंडारण प्लांट नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों 250 मेगावाट के नए प्लांट का लोकार्पण होने से सिर्फ टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट की ऊर्जा भंडारण क्षमता में वृद्धि ही नहीं होगी, बल्कि टिहरी में जल से ऊर्जा उत्पादन की क्षमता भी 2400 मेगावाट पर पहुंचकर रिकार्ड कायम करेगी।
टीएचडीसी मल्टी प्रोजेक्ट हाइड्रो पावर काम्प्लेक्स में अभी टिहरी जल विद्युत परियोजना से 1000 मेगावाट, टिहरी पंप्ड स्टोरेज यूनिट से 750 मेगावाट और कोटेश्वर जल विद्युत परियोजना 400 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है।
पंप्ड स्टोरेज की अतिरिक्त 250 मेगावाट यूनिट के शुरू होने से कुल जलविद्युत ऊर्जा उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट हो जाएगी। नई क्षमता से टिहरी पहला ऐसा हाइड्रो पावर काम्प्लेक्स बन जाएगा, जिसमें एक जगह पर कई परियोजनाओं से 2400 मेगावाट जल विद्युत पैदा हो सकेगी।
पानी को पंप कर ऊर्जा का भंडारण किया जाता
टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण ऊर्जा भंडारण तकनीक के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज की तकनीक पानी को नीचे से ऊपरी जलाशय में पंप कर ऊर्जा का भंडारण करता है।
अधिक मांग होने पर उसी पानी से बिजली उत्पन्न की जाती है। इससे ग्रिड स्थिरता बढ़ती है और पीक डिमांड को आसानी से पूरा किया जा सकता है। पंप्ड स्टोरेज तकनीक ऊर्जा क्षेत्र की सबसे अहम जरूरत बनती जा रही है।
पंप स्टोरेज परियोजना की चौथी यूनिट का काम लगभग पूरा हो चुका है, लोकार्पण के बाद परियोजना का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रोजेक्ट के लोकार्पण का अनुरोध किया है।
आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव ऊर्जा









