पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरे पर कहा कि पार्टी में उनसे खूबसूरत कई लोग हैं और राहुल गांधी इस पर निर्णय लेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सामूहिक जिम्मेदारी के साथ चुनाव मैदान में है और 45 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य है।
हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नैनीताल रोड स्थित निजी होटल में विधानसभा चुनाव से पूर्व सीएम चेहरे की घोषणा से जुड़े सवाल पर कहा कि पार्टी में उनसे खूबसूरत कई लोग है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ही इस पर कोई निर्णय लेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गणेश गोदियाल प्रदेश अध्यक और यशपाल आर्य नेता प्रतिपक्ष है। साथ ही शीर्ष नेतृत्व ने कई कमेटियों का गठन भी किया है। सामूहिक ज़िम्मेदारी की रणनीति के साथ ही कांग्रेस चुनाव मैदान में उतरी है।
न्याय यात्रा को लेकर जनता में खासा उत्साह देखने को मिला था। जल्द बैठक अभियान शुरू होगा। कार्यकर्ता और पदाधिकारी लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं और मुद्दों को लेकर बात करेंगे।
हरदा ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की मांग है। हम भाजपा की तरह 65 पार तो नहीं कहेंगे। क्योंकि, यह किसी हाल में संभव नहीं है। लेकिन 45 पार जरूर रहेंगे।



