
सितारगंज के नानकमत्ता दहला रोड पर देर रात दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सितारगंज (उधमसिंह नगर)। नानकमत्ता दहला रोड स्थित हाईवे पर मंगलवार देर रात दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज भेजा गया।
जहां आवास विकास कॉलोनी, किच्छा निवासी दीपान्त सिंघल (24) पुत्र पवन कुमार सिंघल की मृत्यु हो गई। वही दो घयलों का सितारगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हाईवे पर दो कारों की भिड़ंत
मंगलवार देर रात करीब 10:30 बजे दहला रोड नानकमत्ता हाईवे पर कार संख्या यूके 06-एई-5310 और एक नई कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि नई कार को वाहन स्वामी हल्द्वानी शोरूम से लेकर चम्पावत जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और वाहन सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सितारगंज के स्वास्थ्य केंद्र में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान दीपान्त सिंघल (24) पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी आवास विकास कॉलोनी, किच्छा की मृत्यु हो गई।
युवक की मौत की जानकारी पर मचा घर में कोहराम
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं हादसे में घायल मनप्रीत सिंह (27) पुत्र बिश्चल सिंह निवासी किच्छा और चन्द्रप्रकाश जोशी (35) पुत्र त्रिलोक चन्द्र जोशी निवासी चम्पावत का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी खटीमा भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।









