भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच टापू पर फंसे मुंबई के दो यात्रियों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बचाया।
उत्तरकाशी। भागीरथी (गंगा) नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से नदी के बीच बने टापू पर फंसे मुंबई निवासी दो यात्रियों के लिए एसडीआरएफ की टीम देवदूत साबित हुई है। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने दोनों को सकुशल रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात नौ बजे एसडीआरएफ को उजेली क्षेत्र के पास दो लोगों के भागीरथी नदी के बीच बने टापू पर फंसने की सूचना मिली, अंधेरा होने व नदी का बहाव तेज होने से दोनों स्वयं बाहर नहीं निकल पा रहे थे।
इस पर एसडीआरएफ के मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सीमित दृश्यता के साथ बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया।
सूझबूझ व रेस्क्यू तकनीक के साथ लाइफ जैकेट व अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से रेस्क्यू टीम ने टापू तक पहुंच बनाई, जिसके बाद दोनों को एक-एक कर नदी के बीच बने टापू से निकाला गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान कृष्णा दुबे व कृष्णा माली निवासी मलाड मुंबई के रुप में हुई है, जो कि यहां घूमने आए थे। एसडीआरएफ के जिला प्रभारी जेपी बिजल्वाण ने बताया कि दोनों तीर्थयात्री हैं, जो कि चारधाम यात्रा पर हैं।