उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद शहीद स्मारक पहुंचकर बलिदानी आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राज्य के विकास का संकल्प लिया।
देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त सीट के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। शुक्रवार को नाम वापसी का समय गुजरने के बाद निर्वाचन अधिकारी एवं विधानसभा के प्रभारी सचिव हेम पंत ने आर्य को निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा।
इसके बाद आर्य ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुुंचकर बलिदानी आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही बलिदानी आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
राज्यसभा सीट के चुनाव के लिए एकमात्र भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ही मैदान में थे। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल को देखते हुए विपक्ष कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी उतारने की जहमत नहीं उठाई।
सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच में आर्य का नामांकन सही पाए जाने के बाद उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया था। शुक्रवार को सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी का समय था।
इसके गुजरने के बाद निर्वाचन अधिकारी हेम पंत ने आर्य के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। साथ ही उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा। इस अवसर पर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, विधानसभा सचिवालय के अधिकारी लक्ष्मीकांत उनियाल समेत काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य आर्य ने बाद में शहीद स्मारक पहुंचकर आंदोलनकारियों को नमन करने के साथ ही राज्य आंदोलनकारियों से मुलाकात की। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती, सलाहकार केशव उनियाल ने आर्य को शुभकामनाएं दीं।
साथ ही राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को हमेशा संज्ञान में रखते हुए राज्यवासियों, विशेषकर दलित समाज के लोगों के लिए कार्य करने की अपेक्षा की। इस पर आर्य ने कहा कि वह राज्य आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनसे सुझाव लेंगे।



