Big Breaking:-हरियाणा पुलिस की हिरासत में पूर्व प्रधान की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; चमोली में 5 पर केस दर्ज

ज्योतिर्मठ के पूर्व प्रधान बलवंत सिंह की पुलिस हिरासत में मौत के बाद परिजनों ने हरियाणा के पांच पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

गोपेश्वर (चमोली)। ज्योतिर्मठ के मोल्टा गांव निवासी पूर्व प्रधान बलवंत सिंह की पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में स्वजन ने हरियाणा के रोहतक से आए पांच पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

सोमवार को स्वजन और ग्रामीणों ने बुजुर्ग को गोपेश्वर स्थित आवास से जबरन उठाकर ले जाने वाले हरियाणा पुलिस के पांच कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने को लेकर गोपेश्वर थाने में जमकर हंगामा किया।

साथ ही श्रीनगर अस्पताल में रखे पूर्व प्रधान बलवंत सिंह के शव को तब तक न लेने की बात कही जब तक मुकदमा दर्ज न हो।

वहीं देर शाम गोपेश्वर थाना पुलिस ने हरियाणा के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

रविवार सुबह हरियाणा पुलिस के पांच लोग गोपेश्वर थाने में पहुंचे और बताया कि गोपेश्वर के मंदिर मार्ग आदर्श कालोनी के रहने वाले मोल्टा ज्योतिर्मठ निवासी 65 वर्षीय बलवंत सिंह पर हरियाणा के रोहतक में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज है।

इस मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की जानकारी दी। गोपेश्वर थाना पुलिस की टीम भी हरियाणा पुलिस के साथ बलवंत सिंह के घर पर गई और उन्हें वहां से हिरासत में लेकर थाने लाई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लगभग नौ बजे हरियाणा पुलिस बलवंत सिंह को अपने साथ ले गई।

चमोली पुलिस ने उनकी रवानगी दर्ज की। कर्णप्रयाग पहुंचने पर हरियाणा पुलिस बुजुर्ग को बीमार बताकर चिकित्सालय में ले गई। वहां से उसे बेस चिकित्सालय श्रीनगर भेजा गया, जहां बलवंत सिंह की मौत हो गई।

स्वजन को जानकारी मिली तो जब तक स्वजन वहां पहुंचते बलवंत सिंह को ले जाने वाली हरियाणा पुलिस शव को छोड़कर लापता हो चुकी थी।

सोमवार को मामले में स्थानीय लोगों में हरियाणा पुलिस के खिलाफ आक्रोश फैल गया। पुलिस का कहना था कि बलवंत सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हुई है, जबकि स्वजन पुलिस पर हत्या का आरोप लगा रहे थे।

साथ ही कहा कि बलवंत सिंह को उठाकर ले जाने वाले पांच लोग खुद को हरियाणा पुलिस से बता रहे थे और सभी सादी वर्दी में थे। उन्होंने ही बलवंत सिंह से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हुई।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य विवेक सिंह, संतोषी, आशा देवी, शिव सिंह, अंकित सिंह, राहुल सिंह, हरेंद्र सिंह, सौरभ सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

गोपेश्वर थाना प्रभारी अनिरुद्ध ब्यास ने बताया कि पूर्व प्रधान बलवंत सिंह की मौत के मामले में हरियाणा के पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर उन्हें हरियाणा पुलिस की संदिग्धता को लेकर ज्ञापन सौंपा।

खुद चलकर गया था पूर्व प्रधान: एसपी

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि मामले में मृतक के स्वजन की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले में नियमानुसार मजिस्ट्रियल जांच होनी है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि गोपेश्वर थाने में विधिवत हरियाणा पुलिस की कार्रवाई दर्ज है।

मृतक बलवंत सिंह को थाने में लाते हुए व रवानगी की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। इसमें पूर्व प्रधान बलवंत सिंह खुद चलकर आ और जा रहा है।

कार्रवाई के बाद ही लेंगे शव

मृतक बलवंत सिंह के पुत्र प्रवेश सिंह का कहना है कि उनके पिता की हरियाणा पुलिस ने हत्या की है। लिहाजा कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को स्वजन ने शव लेने से इन्कार कर दिया।

शाम को गोपेश्वर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद वह पिता का शव लेने श्रीनगर रवाना हो गए। मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें