
देहरादून में विवाह समारोहों के लिए गैस सिलिंडर प्राप्त करने के नए नियम लागू किए गए हैं। अब शादी के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक सिलिंडर 10 रुपये के शपथ पत्र, शादी कार्ड और आधार कार्ड के साथ आवेदन करने पर मिलेंगे।
देहरादून। विवाह समारोह में गैस सिलिंडर की जरूरत अब तय प्रक्रिया के तहत पूरी की जाएगी।
उत्तराखंड शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तय किया है कि शादी-विवाह के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, लेकिन इसके लिए आवेदनकर्ता को 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा।
इसके साथ शादी का कार्ड और आधार कार्ड संलग्न कर कार्यक्रम से 10 से 12 दिन पहले आवेदन करना होगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर देहरादून नगर क्षेत्र में जिला पूर्ति कार्यालय तथा सभी तहसीलों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक कार्यालयों में आवेदन लिए जाएंगे।
आवेदन स्वीकृत होने पर संबंधित गैस एजेंसी के माध्यम से अधिकतम दो व्यावसायिक सिलिंडर अस्थायी रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे। उपयोग के बाद सिलिंडर एजेंसी को वापस करना होगा।
जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं व संबंधित गैस एजेंसियों को आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसियों को कुल व्यावसायिक स्टाक का 10 प्रतिशत हिस्सा इसी व्यवस्था के लिए सुरक्षित रखने को कहा गया है।
छात्रों और श्रमिकों के लिए पांच किलो सिलिंडर व्यवस्था
प्रशासन ने छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को राहत देने के लिए पांच किलो गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
तेल कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यावसायिक और छोटे सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ाई जाए ताकि जरूरतमंदों को दिक्कत न हो।
चार घरेलू सिलिंडर जब्त
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) लगातार प्रवर्तन कार्रवाई कर रही है। सोमवार को नगर निगम क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से चार घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष में एलपीजी आपूर्ति संबंधी 13 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई।
सोमवार को 13,388 घरेलू व 807 व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति की गई। वर्तमान में 16,767 घरेलू और 4,442 व्यावसायिक सिलिंडर स्टाक में उपलब्ध हैं।








