Big Breaking:-14 अप्रैल को देहरादून आएंगे पीएम मोदी, राजाजी टाइगर रिजर्व में तीन दिन जंगल सफारी बंद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के मद्देनजर राजाजी टाइगर रिजर्व की चिल्लावाली रेंज में जंगल सफारी तीन दिनों के लिए बंद रहेगी।

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों 14 अप्रैल को होने वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के मद्देनजर राजाजी टाइगर रिजर्व की चिल्लावाली रेंज के पर्यटक जोन में रविवार से तीन दिन जंगल सफारी बंद रहेगी।

पर्यटक जोन का प्रवेश द्वार इस एक्सप्रेसवे पर गणेशपुर से डाटकाली तक एलिवेटेड रोड के रूप में बने करीब 13 किलोमीटर लंबे वन्यजीव गलियारे से सटा है। माना जा रहा है कि एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के बाद प्रधानमंत्री इस गलियारे के नीचे से गुजरते वन्यजीवों को भी निहार सकते हैं।

राजाजी टाइगर रिजर्व से होकर गुजरता है दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का गणेशपुर से लेकर डाटकाली तक का हिस्सा राजाजी टाइगर रिजर्व और शिवालिक रेंज से होकर गुजरता है। एक्सप्रेसवे से वन्यजीवन में किसी प्रकार का खलल न पड़े, इसके दृष्टिगत इस हिस्से में एलिवेटेड रोड बनाई गई है। ताकि, ऊपर से वाहन फर्राटा भरें और नीचे वन्यजीवों की एक से दूसरे जंगल में आवाजाही में कोई बाधा न पड़े।

यही नहीं, एलिवेटेड रोड पर साउंड बैरियर भी लगाए गए हैं, जिससे वाहनों के शोर से बेजबान बिदकेंगे नहीं। लाइट व्यवस्था भी ऐसी है, जिससे वन्यजीवन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस गलियारे में वन्यजीवों की आवाजाही निर्बाध बनी हुई है। भारतीय वन्यजीव संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार गलियारे से 18 से अधिक प्रजातियां आवागमन कर रही हैं।

इसी एलिवेटेड रोड पर मोहंड में राजाजी टाइगर रिजर्व की चिल्लावाली रेंज के पर्यटक जोन का प्रवेश द्वार भी है। इस जोन में हाथी, गुलदार समेत दूसरे वन्यजीवों का पर्यटक करीब से दीदार करते हैं।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के 14 अप्रैल को लोकार्पण और इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत यह पर्यटक जोन रविवार से 14 अप्रैल तक बंद रहेगा। राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक कोको रोसे के अनुसार प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर उत्तर प्रदेश पुलिस ने तीन दिन पर्यटक जोन बंद रखने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग का आग्रह किया है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें