Big Breaking:-राजधानी में आखिर कौन दे रहा छात्रों को हथियार? गोलीकांड से एक बार फिर कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

बीते कुछ दिनों में राजधानी देहरादून में कई हत्या के मामले सामने आए हैं जिनमें छात्र  शामिल रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर छात्रों तक हथियार पहुंच कैसे रहे हैं।

राजधानी में दिनदहाड़े हुए गोलीकांड ने एक बार फिर से कानून व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। पिछले दो महीने में दिनदहाड़े हत्याकांड की ये चौथी बड़ी वारदात है। आरोपी मसूरी रोड स्थित गोली रेस्टोरेंट से जोहड़ी गांव तक करीब तीन किलोमीटर तेज रफ्तार कारों में एक-दूसरे पर गोलियां बरसाते रहे।

इस गोलीकांड में बेकसूर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की दर्दनाक मौत हो गई।फरवरी के पहले सप्ताह में हुए गुंजन हत्याकांड के बाद अर्जुन शर्मा और फिर गैंगस्टर विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी।

इसके बाद जिस तरह से सोमवार सुबह छात्रों और क्लब के कर्मचारियों के बीच गोलीकांड हुआ और इन्हीं आरोपियों की गोली से रिटायर्ड ब्रिगेडियर जोशी की मौत हो गई। यह व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल है। जहां पर घटना हुई वहां पर एक स्कूल भी है, गनीमत रही कि स्कूल बंद था नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी।

आरोपियों ने जिस तरह से पूरे रास्ते ताबड़तोड़ फायरिंग कीं इसमें कई और लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इतनी देर तक दो कारें तेज हॉर्न बजाते हुए दौड़ती रहीं और उनमें से गोलियां चलती रहीं इसके बाद भी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कहीं नजर नहीं आई। अगर पुलिस सख्त होती और समय रहते आरोपियों को पकड़ लेती तो शायद पूर्व ब्रिगेडियर को इस तरह जान नहीं गंवानी पड़ती। 

आखिर कौन दे रहा छात्रों को हथियार

घटना को अंजाम देने वाले दो गुटों में एक गुट छात्रों का है। पुलिस के मुताबिक छात्र देहरादून के एक विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर इन छात्रों को अवैध हथियार दे कौन रहा है। पुलिस को भी इस दिशा में काम करना चाहिए।

हाल के दिनों में हुईं कुछ घटनाएं

– प्रेमनगर में बीती 23 मार्च की रात को उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के 22 वर्षीय छात्र दिव्यांशु जटराना (मुजफ्फरनगर निवासी) की दो छात्र गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में हत्या कर दी गई।


– चार मार्च को राजपुर क्षेत्र में दिनदहाड़े कुछ युवकों ने एक युवक की पिटाई की। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि उसका मोबाइल और स्कूटी भी तोड़ दी।


– कुछ दिन पहले विकासनगर क्षेत्र में एक ढाबे पर खाना खाने गए युवक पर कुछ लोगों ने रॉड से हमला कर दिया था। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें